विज्ञापन

Honda की नई SUV Avancier पेश, हवाई जहाज जैसी कैप्टन सीटें, दमदार फीचर्स से लैस

New Honda Avancier Hybrid SUV: होंडा ने अपनी नई जनरेशन की 6-सीटर हाइब्रिड SUV Avancier को पेश कर दिया है. आइए, आपको इसकी पूरी डिटेल्स बताते हैं.

Honda की नई SUV Avancier पेश, हवाई जहाज जैसी कैप्टन सीटें, दमदार फीचर्स से लैस
Avancier
Honda

Honda ने अपनी SUV Avancier के सेकंड-जेनरेशन मॉडल को दुनिया के सामने पेश कर दिया है. इस बड़ी थ्री-रो SUV में कंपनी ने एक बिल्कुल नया हाइब्रिड पावरट्रेन और कई एडवांस फीचर्स जोड़े हैं. ये कार Honda के बिल्कुल नए नेक्स्ट-जेनरेशन हाइब्रिड प्लेटफॉर्म पर बेस्ड कंपनी की पहली गाड़ी है. ये इंजन की एफिशिएंसी, इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट और गाड़ी के कंट्रोल सिस्टम को पहले से कहीं ज्यादा बेहतर बना देता है. आपको बता दें कि कंपनी ने पहली जनरेशन वाली Avancier को एक दशक पहले चीन में अपने फ्लैगशिप मॉडल के रूप में पेश किया था. लेकिन इस बार के बिल्कुल नए मॉडल को कंपनी थाईलैंड और जापान समेत पूरे एशिया के बड़े बाजारों को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है.

Honda Avancier: दमदार हाइब्रिड पावरट्रेन

भले ही Honda ने अभी तक इसके हाइब्रिड पावरट्रेन के पूरे टेक्निकल स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन कंपनी ने ये जरूर साफ कर दिया है कि इस SUV में डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम मिलेगा. इसका नया हाइब्रिड आर्किटेक्चर इंजन को काफी साइलेंट और एफिशिएंट बनाता है, जिसमें एक बहुत ही कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक ड्राइव यूनिट दी गई है. इसके अलावा, गाड़ी में मोशन मैनेजमेंट सिस्टम भी जोड़ा गया है, जो मोड़ों पर ब्रेक और ड्राइविंग फोर्स को खुद-ब-खुद एडजस्ट कर बॉडी रोल नहीं देता और ड्राइविंग को सुरक्षित बनाता है.

इस कार की एक और बड़ी खासियत इसमें मिलने वाली Honda की खास S+ Shift टेक्नोलॉजी है. ये सिस्टम हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ गाड़ी चलाने के दौरान ट्रेडिशनल पेट्रोल कारों की तरह गियर शिफ्ट का अहसास कराता है, जिससे एक्सेलरेशन का मजा दोगुना हो जाता है. ये तकनीक Honda की नई प्रिल्यूड और Civic हाइब्रिड में भी देखने को मिलती है.

Honda Avancier: स्पोर्टी 'Grand-Journey' डिजाइन

इस सेकंड-जेनरेशन मॉडल को Honda की नई 'Grand-Journey' डिजाइन लैंग्वेज पर तैयार किया गया है जो इसे एक बहुत ही मॉडर्न लुक देती है. इसके फ्रंट में स्प्लिट-हेडलाइट सेटअप दिया गया है, जिसमें पतली LED DRLs मेन हेडलाइट्स के ऊपर लगी हैं. फ्रंट ग्रिल का लुक काफी क्लीन है जिसके बीच में Honda का बड़ा ब्राइट लोगो दिया गया है. साइड प्रोफाइल की बात करें तो ये कार काफी हाई और मस्कुलर लगती है, जिसमें पीछे की तरफ झुकती हुई रूफलाइन और ऊपर की तरफ उठती हुई विंडो लाइन मिलती है. इसमें सेफ्टी के लिए फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल्स और स्पोर्टी ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं. पीछे की तरफ इसमें पूरी चौड़ाई वाली LED लाइट बार और वर्टिकल लाइट्स मिलती हैं, जो इसे रात के समय सड़क पर एक बेहद यूनिक लुक देती हैं.

Honda Avancier: फर्स्ट-क्लास फ्लाइट जैसा केबिन

कार के केबिन के अंदर कदम रखते ही आपको एक बिल्कुल नया डैशबोर्ड लेआउट देखने को मिलता है, जिसमें फ्रंट सेक्शन के बीचों-बीच एक बड़ा टच इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. इसके नीचे स्पोर्टी फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील और एक फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. पैसेंजर साइड के डैशबोर्ड पर खूबसूरत डायमंड-पैटर्न फिनिश और पूरे केबिन में फ्लोटिंग एम्बिएंट लाइटिंग इसके लुक को कई गुना बढ़ा देती है.

इस कार में छह लोगों के बैठने की जगह मिलती है, जहां इसकी दूसरी लाइन में पर्सनल कैप्टन सीटें दी गई हैं. इन दोनों कैप्टन सीटों के बीच में एक बड़ा आर्मरेस्ट मिलता है, जिसमें कप होल्डर्स और एक छिपा हुआ कंट्रोल पैनल दिया गया है. इस पैनल की मदद से पीछे बैठे यात्री क्लाइमेट कंट्रोल, सनशेड्स और सीटों के वेंटिलेशन को कंट्रोल कर सकते हैं. इसके अलावा बड़ा पैनोरमिक सनरूफ भी दिया गया है.

Honda Avancier को पहले थाईलैंड, जापान और चीन समेत दूसरे एशियाई बाजारों में पेश किया जाएगा. हालांकि, अभी कंपनी ने इसकी कीमत, इंजन और लॉन्च डेट की जानकारी नहीं दी है.

यह भी पढ़ें | आ गई 'धुरंधर' SUV, एक बार में चलेगी 1200KM, कीमत करीब 16 लाख रुपये से शुरू

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Honda Avancier, Honda Avancier Features, Honda, SUV
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com