विज्ञापन

दोनों तरफ से चलीं 8 गोलियां! दिल्ली में एनकाउंटर के बाद दबोचा गया ‘छह मार’ गैंग का सरगना

दिल्ली में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 8 राउंड फायरिंग हुई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

दोनों तरफ से चलीं 8 गोलियां! दिल्ली में एनकाउंटर के बाद दबोचा गया ‘छह मार’ गैंग का सरगना
दिल्ली पुलिस
NDTV
  • मैदान गढ़ी थाना पुलिस ने छह मार गिरोह के कथित सरगना स्वान उर्फ सुधान को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है.
  • आरोपी स्वान पर दिल्ली में पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और उत्तर प्रदेश कन्नौज में वह रह रहा था.
  • मुठभेड़ में दोनों तरफ से आठ राउंड फायरिंग हुई, पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्टल और बाइक बरामद की है.
नई दिल्ली:

दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट में मैदान गढ़ी थाना पुलिस ने एनकाउंटर के बाद 'छह मार' गिरोह के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान स्वान उर्फ सुधान के रूप में बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गैंग में करीब 10 अलग-अलग नामों से जाना जाता था. वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताया जा रहा है.

पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 8 राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया. मौके से एक पिस्टल और बाइक भी बरामद की गई है. पुलिस अब बरामद हथियार, बाइक और आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है.

जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला बताया जा रहा है और उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रह रहा था. उसके खिलाफ दिल्ली में पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. आरोपी पंजाब में भी वांछित बताया जा रहा है.

छह मार गिरोह को घरों में घुसकर लूटपाट करने वाले आपराधिक गिरोह के तौर पर जाना जाता है. इस गिरोह के सदस्य कथित तौर पर रात के समय कच्छा-बनियान या कम कपड़ों में घरों में घुसते हैं. इसके बाद लूटपाट करते हैं और विरोध होने पर लोगों पर जानलेवा हमला करने से भी पीछे नहीं हटते. इस गिरोह का तरीका देश के कई इलाकों में सक्रिय दूसरे कच्छा-बनियान गिरोहों से मिलता-जुलता बताया जाता है.

उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में इस तरह के गिरोहों की गतिविधियां सामने आती रही हैं. मैदान गढ़ी में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, उसके साथियों, हथियारों की सप्लाई और अलग-अलग राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है. जांच का एक अहम पहलू यह भी होगा कि आरोपी किन वारदातों में शामिल रहा है और छह मार गिरोह का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है.

ये भी पढ़ें : अनंत सिंह का ऐलान-अपनी पार्टी बनाएंगे, निष्कासन पर बोले- जेडीयू अब खत्म; नीतीश पर नो कॉमेंट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Encounter News, Delhi Police Encounter, Delhi Crime News, Breaking Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com