विज्ञापन

क्या है दुर्गा ई-ऑटो स्कीम, जिसे नवरात्रि के पहले ही दिन दिल्ली सरकार ने किया लॉन्च, किसे फायदा?

दिल्ली सरकार की दुर्गा योजना के तहत 1,300 पिंक ई-ऑटो महिलाओं और ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को दिए जाएंगे. सरकार इन्हें राइड-बुकिंग ऐप से जोड़ने की तैयारी में है. योजना का उद्देश्य सुरक्षित और सुविधाजनक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना है.

क्या है दुर्गा ई-ऑटो स्कीम, जिसे नवरात्रि के पहले ही दिन दिल्ली सरकार ने किया लॉन्च, किसे फायदा?
दिल्ली में ऐप से बुक हो सकेंगे पिंक ई-ऑटो? सरकार ने बनाया यह प्लान
@DDIndialive
  • दिल्ली सरकार पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो को मोबाइल ऐप से बुक करने की सुविधा दे सकती है
  • DURGA योजना के तहत पहले चरण में 1,300 पिंक ई-ऑटो आवंटित किए जाएंगे
  • आवेदकों की संख्या अधिक होने पर लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा

नई दिल्ली: दिल्ली में पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो भी मोबाइल ऐप से बुक हो सकते हैं. सरकार का प्रस्ताव आगे बढ़ा तो लोगों को सड़क या ऑटो स्टैंड पर गाड़ी तलाशने के बजाय फोन से ऑटो बुलाने का विकल्प मिल सकता है. सरकार ने रविवार को बताया कि वह राइड-बुकिंग कंपनियों से दुर्गा ई-ऑटो योजना के चालकों का ऑनबोर्डिंग और सब्सक्रिप्शन शुल्क माफ करने का आग्रह करेगी. पहले चरण में 1,300 पिंक ई-ऑटो आवंटित करने की योजना है.

महिला यात्रियों का सफर कैसे होगा आसान?

सरकार के मुताबिक, सुबह जल्दी या देर शाम मेट्रो से आने-जाने वाली महिलाओं को घर पहुंचने का एक और विकल्प मिल सकता है. मकसद आखिरी दूरी के सफर को सुविधाजनक बनाना और यात्रियों का भरोसा बढ़ाना है. परिवहन विभाग ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम से मेट्रो और नमो भारत स्टेशनों पर अलग पार्किंग और चार्जिंग की सुविधा के लिए जगह मांगी है. राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी हाल ही में ऐप-आधारित परिवहन सेवाओं के लिए सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं. इनमें ड्राइवर सत्यापन, आपातकालीन सहायता और उपलब्धता होने पर महिला ड्राइवर चुनने का विकल्प देने की सिफारिश की गई है. 

delhi pink e auto app booking durga scheme women transgender drivers

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने 23 सितंबर को DURGA योजना को मंजूरी दी थी Photo -DDIndialive

1,300 पिंक ई-ऑटो में किसका कितना हिस्सा?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाली कैबिनेट ने 23 सितंबर को DURGA योजना को मंजूरी दी थी. पहले चरण में 1,170 ऑटो महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए आरक्षित हैं. चयनित लाभार्थी स्वयं इन वाहनों के मालिक और चालक बन सकेंगे. दिल्ली के 13 राजस्व जिलों में प्रत्येक जिले के लिए अधिकतम 90 स्लॉट महिलाओं और 10 स्लॉट ट्रांसजेंडर आवेदकों के लिए निर्धारित किए गए हैं. परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के अनुसार, इस योजना से महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजगार और कमाई के अवसर मिलेंगे.

कैसे होगा चयन, क्या मिलेगी सब्सिडी?

आवेदन प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र  ने ऑनलाइन पोर्टल तैयार किया है. जिलाधिकारियों की अध्यक्षता वाली समितियां हर सप्ताह आवेदनों की जांच करेंगी. पात्र आवेदकों की संख्या अधिक होने पर ऑनलाइन लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा. चयनित लाभार्थियों को आशय पत्र दिए जाएंगे. पंजीकृत मालिकों को पहचान पत्र, DURGA जैकेट और कैप भी प्रदान की जाएगी.

दिल्ली ईवी नीति 2026 के तहत पहले वर्ष में पंजीकृत पात्र ई-ऑटो पर निर्धारित शर्तों के साथ 50,000 रुपये का प्रोत्साहन देने का प्रावधान है. हालांकि, DURGA योजना के लाभार्थियों को वाहन किस कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

इससे पहले वर्ष 2022 में महिलाओं के लिए 1,406 ई-ऑटो परमिट आरक्षित किए गए थे, लेकिन शुरुआती आवंटन में केवल 743 महिलाओं का चयन हो पाया था. सरकार दो चरणों में योजना के प्रभाव का आकलन करेगी. फिलहाल आवेदन शुरू होने, ऑटो के सड़कों पर उतरने और ऐप के जरिए बुकिंग शुरू होने की तारीख की घोषणा नहीं की गई है. 

यह भी पढ़ें- IAS ममता यादव को J&K में बड़ी जिम्मेदारी, हरियाणा की Gen Z बेटी का UPSC में अनूठा रिकॉर्ड भी बना 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi, E Auto
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com