विज्ञापन

दिल्ली-NCR से धर्मशाला सिर्फ 6 घंटे में, इस हाइवे से बदलेगी तस्वीर, हरियाणा-पंजाब-हिमाचल को भी फायदा

Delhi to Dharamshala Highway Route: दिल्ली से धर्मशाला तक का सफर घटकर सिर्फ 6 घंटे होने वाला है. दो आधुनिक सुरंगों वाले 4 लेन हाइवे प्रोजेक्ट से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल को फायदा होगा.

दिल्ली-NCR  से धर्मशाला सिर्फ 6 घंटे में, इस हाइवे से बदलेगी तस्वीर, हरियाणा-पंजाब-हिमाचल को भी फायदा
Delhi to Dharamshala Highway: दिल्ली से धर्मशाला का सफर होगा आसान (प्रतीकात्मक इमेज)
NHAI
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली और एनसीआर से अब हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों के बीच स्थित धर्मशाला शहर पहुंचना आसान होने वाला है. दिल्ली से धर्मशाला पहुंचने में जहां 9 से 11 घंटे का वक्त लगता है, वो घटकर महज 6 घंटे का बचेगा. इसके लिए 4 लेन के हाईस्पीड हाइवे तैयार हो रहा है, जो इसी साल सितंबर महीने तक पूरा हो जाएगा. हिमाचल प्रदेश में बन रहे नए फोर-लेन हाईवे और सुरंगों के नेटवर्क से यह प्रोजेक्ट तैयार होगा. इस हाइवे से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लोगों को सीधा फायदा होगा. यह प्रोजेक्ट क्या है? आइए बताते हैं.

कहां बन रहा हाइवे?

NHAI फिलहाल इस प्रोजेक्ट के तहर NH-503 को फोर लेन का बना रही है. यह करीब 100 किलोमीटर का कॉरिडोर है, जो हिमाचल के पहाड़ी इलाकों से गुजरता है. दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने की वजह से यहं सफर धीमा हो जाता है. यह हाइवे दिल्ली और धर्मशाला को जोड़ता है. हाइवे पंजाब के किरतपुर साहिब से शुरू होकर हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज (धर्मशाला) तक जाता है. 

यह हाइवे पंजाब के किरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब और नांगल से होकर गुजरता है. वहीं हिमाचल प्रदेश के मेहतपुर, ऊना, मुबारकपुर, अम्ब, रानीताल, माताउर, कांगड़ा, धर्मशाला और मैक्लोडगंज को भी कनेक्ट करता है.

चार चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट

1. फोर लेन हाइवे: इस हाइवे को 4 लेन का किया जा रहा है. इसके लिए सरकार ने PWD और NHAI को कमान सौंपी है. इसके ऊना से रानीताल के 99 किमी के हिस्से और मटौर से मैक्लोडगंज के 22 किमी हिस्से पर काम चल रहा है.

2. बाईपास का निर्माण: कांगड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए भंगवार-कांगड़ा बाईपास (NH-303/503) का निर्माण कर इसे एक आधुनिक फोरलेन कॉरिडोर के रूप में तैयार किया है.

3. पुल और टनल बढ़ाएंगी स्पीड: इस रूट पर नए पुल और टनल भी बन रही हैं. नए धर्मशाला-देहरा फोर-लेन रूट पर रियुंड ब्रिज और तारसुह गांव के पास दो सुरंगें शामिल हैं. वहीं कांगड़ा के ढलियारा पुल और पंजाब के नांगल में सतलुज नदी पर 4-लेन के बड़े पुल और रेलवे ओवर ब्रिज के काम को भी मंजूरी दी गई है.

4. लिंक हाईवे (NH-503A): NH-503 से जुड़े NH-503A के ऊना-बीरहू-लठियानी सेक्शन को भी फोरलेन में बदलने और DPR तैयार करने का काम चल रहा है.

दिल्ली-एनसीआर से धर्मशाला का सफर होगा आधा!

दिल्ली से धर्मशाला पहुंचने में फिलहाल 9-11 घंटे तक का वक्त लगता है. हाईवे अपग्रेडेशन और फोरलेन का काम पूरा होने के बाद यह सफर महज लगभग 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा. फोर लेन हाइवे में बदलने से वाहनों की रफ्तार बढ़ेगी.  वहीं भंगवार-कांगड़ा बाईपास की वजह से शहरों के भीतर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगा. धर्मशाला में एक बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है. ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों का लाइव मैच देखने पहुंचना आसान होगा. वहीं हिमाचल में टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा.

यह भी पढ़ें: दिल्ली से सिलीगुड़ी नई बुलेट ट्रेन का ऐलान, 6 घंटे में 1500 किमी, लखनऊ, बनारस-पटना से बंगाल तक 11 स्टेशन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com