- देशभर में नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, जो राज्यों और शहरों की कनेक्टिविटी को तेज बना रहे हैं
- नया 31 किलोमीटर लंबा छह लेन लिंक एक्सप्रेसवे दिल्ली-मुंबई और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ता है
- यह लिंक एक्सप्रेसवे जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच प्रदान करता है
देशभर में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, जिनसे राज्यों और शहरों की कनेक्टिविटी सुपर फास्ट हो रही है. कुछ एक्सप्रेसवे को भी आपस में जोड़ा जा रहा है. हम आज ऐसे ही 31 किलोमीटर के एक लिंक एक्सप्रेसवे की बात कर रहे हैं. इस 6 लेन लिंक एक्सप्रेसवे से मुंबई, वड़ोदरा और जयपुर जैसे शहरों की कनेक्टिविटी आगरा, मथुरा और लखनऊ तक हो पाएगी. यह लिंक कॉरिडोर देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ रहा है. खास बात यह है कि यह लिंक एक्सप्रेसवे जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बनाया गया है.
कौन-कौन से एक्सप्रेसवे जुड़े?
इस नए लिंक एक्सप्रेसवे से दिल्ली-मुंबई और यमुना एक्सप्रेसवे को कनेक्ट किया गया है.
1. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे: फरीदाबाद के सेक्टर 65 में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से यह लिंक स्पर शुरू होगा.
2. यमुना एक्सप्रेसवे: जेवर एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेसवे तक यह नया लिंक कनेक्ट करेगा.
दिल्ली-NCR का जाम होगा बाईपास
इस लिंक एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इससे दिल्ली-एनसीआर का जाम बाईपास हो जाएगा. फिलहाल राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से आना वाला ट्रैफिक पहले दिल्ली-एनसीआर में आता है. इससे कई बार जाम की समस्या बन जाती है और लोगों को देरी होती है. लेकिन अब नया लिंक एक्सप्रेसवे दिल्ली के बाईपास की तरह भी काम करेगा. अब राजस्थान-गुजरात की ओर से आने वाले वाहन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए इस नए लिंक की वजह से सीधा यमुना एक्सप्रेसवे पर आ पाएंगे.
इन 6 राज्यों को मिलेगी कनेक्टिविटी
1. उत्तर प्रदेश: यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए ग्रेटर नोएडा, जेवर, मथुरा, आगरा और वहां से लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ और पूर्वांचल सीधे कनेक्ट हो जाएंगे.
2. हरियाणा: यह लिंक एक्सप्रेसवे हरियाणा के फरीदाबाद (सेक्टर 65) से शुरू हो रहा है. इससे गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, सोहना और नूंह सीधे तौर पर यूपी और जेवर एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे.
3. राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए जयपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, कोटा और भरतपुर के लोग बिना दिल्ली में प्रवेश किए सीधे यूपी और जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे.
4. मध्य प्रदेश: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के जरिए मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर और झाबुआ जैसे जिलों की कनेक्टिविटी सीधे नोएडा, आगरा और लखनऊ से हो जाएगी.
5. गुजरात: गुजरात के वड़ोदरा, सूरत, अहमदाबाद और दाहोद जैसे व्यापारिक शहरों से आने वाले वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे पर आकर यूपी की तरफ जा सकेंगे.
6. महाराष्ट्र: मुंबई सीधे जेवर एयरपोर्ट और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से हाई-स्पीड कॉरिडोर के माध्यम से जुड़ जाएंगे.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चिपियाना रेलवे ब्रिज तैयार, नजीबाबाद, बिजनौर, पौड़ी तक मिलेगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं