विज्ञापन

'छेड़ते रहे, पीछा किया, फिर धक्का देकर गिरा दिया', अब करानी पड़ेगी प्लास्टिक सर्जरी, दिल्ली में फिर दरिंदगी

दिल्ली में फिर एक स्कूटी सवार लड़की के साथ सरेराह छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. बाइक सवार दो युवकों ने अपनी बाइक से छात्रा की स्कूटी को धक्का मार दिया. जिससे गिरने के कारण वो गंभीर रूप से घायल हो गई.

'छेड़ते रहे, पीछा किया, फिर धक्का देकर गिरा दिया', अब करानी पड़ेगी प्लास्टिक सर्जरी, दिल्ली में फिर दरिंदगी
दिल्ली में फिर एक लड़की से सरेराह छेड़छाड़ की घटना हुई है. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
  • दिल्ली में 21 वर्षीय छात्रा के साथ दो बाइक सवार युवकों ने पीछा कर छेड़छाड़ की और स्कूटी टक्कर मारी.
  • युवती सड़क पर गिर कर 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.
  • घायल छात्रा का इलाज पहले मैक्स अस्पताल साकेत में हुआ, अब उसे प्लास्टिक सर्जरी तक करवानी पड़ सकती है.
नई दिल्ली:

दिल्ली में 21 वर्षीय एक कॉलेज छात्रा ने आरोप लगाया है कि दो बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया, छेड़छाड़ की और फिर उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया. घटना दक्षिण दिल्ली के पंचशील पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुई, जब छात्रा अपनी इंटर्नशिप से घर लौट रही थी. छात्रा दिल्ली में डिजाइनिंग का कोर्स कर रही है. वो चौथे वर्ष की छात्रा है. उसने NDTV से कहा कि दोनों युवक लगातार उसका पीछा कर रहे थे और उस पर टिप्पणी कर रहे थे. छात्रा ने जब मनचलों से बचने की कोशिश की तो युवकों ने बाइक से उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी. इसके बाद वह सड़क पर गिर गई और करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. 

डॉक्टर बोले- चोट इनती गंभीर कि प्लास्टिक सर्जरी करवानी पड़ सकती है

राहगीरों ने छात्रा की मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया. पहले उसे मैक्स अस्पताल, साकेत ले जाया गया और बाद में मेदांता अस्पताल, नोएडा रेफर किया गया. छात्रा के मुताबिक, चोटें इतनी गंभीर हैं कि डॉक्टरों ने प्लास्टिक सर्जरी की सलाह दी है. पुलिस का कहना है कि शुरुआत में उन्हें सड़क हादसे की सूचना मिली थी. सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, लेकिन उपलब्ध फुटेज में कथित घटना दिखाई नहीं दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पंचशील मेट्रो के पास युवती का पीछा, स्कूटी में टक्कर का आरोप

दिल्ली के हौज खास इलाके में 11 सितंबर को देर रात 21 साल की युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, पीछा करने और जानबूझकर उसकी स्कूटी को बाइक से टक्कर मारने का मामला सामने आया है. युवती का आरोप है कि 11 सितंबर की रात वह साकेत स्थित अपने ऑफिस से स्कूटी पर घर जा रही थी. पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवक उसके पास आए और कथित तौर पर फब्तियां कसने लगे. इसके बाद दोनों ने उसका पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसकी स्कूटी को बाइक से धक्का मार दिया. 

11 सितंबर रात 12 बजे के करीब की घटना

हादसे में युवती सड़क पर करीब 100 से 150 मीटर तक घिसटती चली गई और उसे शरीर पर कई चोटें आईं. शिकायतकर्ता  की उम्र 21 साल है और वह दिल्ली के साकेत इलाके में एक ऑफिस में काम करती हैं. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे वह ऑफिस का काम खत्म करने के बाद अपनी स्कूटी से घर के लिए निकली थीं. रात काफी हो चुकी थी और वह हौज खास की तरफ से पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची थीं.

ऐसा ही मामला कुछ दिनों पहले गुरुग्राम से सामने आया था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था. 

बाइक सवार युवक साथ-साथ चलते हुए कस रहे थे फब्तियां

पीड़िता के मुताबिक इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए. दोनों की उम्र करीब 20 साल के आसपास बताई गई है. शिकायत में आरोप है कि युवकों ने उन्हें देखकर छेड़छाड़ शुरू कर दी और रास्ते में आपत्तिजनक बातें और कमेंट करने लगे. युवती ने निकलने की कोशिश की, लेकिन दोनों युवक पीछा करते रहे.

पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने युवकों को नजरअंदाज कर वहां से आगे निकलने की कोशिश की. उन्होंने अपनी स्कूटी की रफ्तार बढ़ाई और घर की तरफ जाने लगीं, लेकिन बाइक सवार दोनों युवक पीछे लग गए. शिकायत के मुताबिक दोनों युवक लगातार उनकी स्कूटी का पीछा करते रहे. वे कभी स्कूटी के पीछे तो कभी बराबर में बाइक लेकर चल रहे थे. आरोप है कि इस दौरान दोनों युवक कुछ न कुछ बोलते रहे और युवती को परेशान करते रहे.

100-150 मीटर तक घिसटती गई छात्रा

पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह किसी तरह वहां से निकलने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन दोनों युवकों ने पीछा करना बंद नहीं किया.
बाइक से स्कूटी को मारी टक्कर, सड़क पर 100-150 मीटर तक घिसटती चली गईं. शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह है कि कुछ देर तक पीछा करने के बाद दोनों युवकों ने अपनी बाइक से छात्रा की स्कूटी को धक्का मार दिया. टक्कर लगते ही छात्रा का स्कूटी से संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं. 

शिकायत के मुताबिक गिरने के बाद वह करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं. जिस जगह वह गिरीं वहां सड़क पर पत्थर, गिट्टी और धूल थी. इसके चलते उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. छात्रा का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद दोनों युवक वहां रुके नहीं बल्कि मौके से फरार हो गए. 

मैक्स के साथ-साथ मेदांता में चला इलाज

हादसे के बाद कुछ लोग मौके पर जमा हुए. शिकायत के मुताबिक वहां मौजूद लोगों में से एक व्यक्ति ने उनकी मदद की और मेडिकल सहायता के लिए एंबुलेंस बुलवाई. पीड़िता की शिकायत के मुताबिक कुछ ही देर में Blinkit की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. इस दौरान उन्होंने अपने ऑफिस के एक सहयोगी को अपनी लाइव लोकेशन भी शेयर कर दी थी. जानकारी मिलने के बाद उनके कुछ सहकर्मी भी घटनास्थल पर पहुंच गए. इसके बाद घायल छात्रा को इलाज के लिए मैक्स अस्पताल, साकेत ले जाया गया. शिकायत के मुताबिक मैक्स अस्पताल में छात्रा का पूरी रात इलाज चला. 

अगले दिन सुबह करीब 7 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए परिवार और परिचितों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए नोएडा के मेदांता अस्पताल ले जाने का फैसला किया. मेदांता में डॉक्टरों ने उनकी चोटों की जांच की और उन्हें प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी. छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया है कि चोटें काफी गंभीर हैं. शरीर के कई हिस्सों में गहरे कट लगे हैं, काफी खून निकला और कई जगह त्वचा तक निकल गई.

प्लास्टिक सर्जरी की सलाह, दूसरी राय के लिए कानपुर भी गईं

मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों की सलाह के बाद गौरी प्लास्टिक सर्जरी को लेकर दूसरी राय लेने के लिए कानपुर भी गईं. शिकायत के मुताबिक वह अभी भी इन चोटों की वजह से दर्द और मानसिक परेशानी से गुजर रही हैं. युवती ने पुलिस को अपनी चोटों की तस्वीरें भी दी हैं. इसके अलावा मैक्स अस्पताल, साकेत और मेदांता अस्पताल, नोएडा से मिले मेडिकल रिकॉर्ड और रिपोर्ट भी शिकायत के साथ लगाई गई हैं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस पूरे मामले में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वे दोनों युवक कौन थे और किस बाइक पर सवार थे. छात्रा ने अपनी शिकायत में दोनों युवकों को अज्ञात बताया है. उनका कहना है कि अगर घटना के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को जल्द से जल्द हासिल किया जाए तो दोनों युवकों की पहचान हो सकती है.

छात्रा की शिकायत में हौज खास, हौज खास मेट्रो स्टेशन, पंचशील मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज को सुरक्षित रखने और जांचने की मांग की गई है.

पीड़िता ने दोनों अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है. साथ ही अपने बयान के अलावा उनके ऑफिस के उन सहयोगियों के बयान दर्ज करने की मांग की है, जो घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थे. शिकायत में यह भी कहा गया है कि अगर घटनास्थल पर मौजूद किसी अन्य व्यक्ति ने पूरी घटना देखी है तो उसका बयान भी दर्ज किया जाए.

कई धाराओं में मामला दर्ज, जांच जारी

पीड़ित ने शिकायत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 74, 78, 79, 117, 125(b) और 281, साथ में धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायत में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान अगर कोई दूसरी धारा लागू होती है तो उसे भी जोड़ा जाए.

डीसीपी दक्षिणी दिल्ली ने मामले में कहा कि हम इस मामले को देख रहे हैं और कानून की उचित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस शिकायतकर्ता के लगातार संपर्क में है क्योंकि वह अपने गृहनगर में इलाज करवा रही हैं और ठीक हो रही हैं. वह जल्द ही जांच में शामिल होंगी.

यह भी पढ़ें - VIDEO: लड़के छेड़ते हैं, डराने-गिराने की करते हैं कोशिश... बाइकर बेटियों ने NDTV को बताई मुश्किलें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Molestation, Delhi Molestation Case, Hauz Khas, Biker Girl, Molestation With Girl
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com