- मेघालय में भाजपा का विस्तार, UDP विधायकों की एंट्री से बढ़ी ताकत
- एक झटके में BJP बनी मेघालय की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी
- रिजिजू बोले- यह सिर्फ उत्तर-पूर्व नहीं, पूरे देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण
मेघालय की राजनीति में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए. नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा सांसद संबित पात्रा, मेघालय भाजपा अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी अनिल एंटनी की मौजूदगी में इन विधायकों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस शामिल होने के बाद भाजपा की ताकत मेघालय विधानसभा में बढ़ गई है और पार्टी अब राज्य की दूसरी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनकर उभरी है.
भाजपा में शामिल हुए 8 विधायक
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के 8 विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, भाजपा सांसद संबित पात्रा, मेघालय भाजपा अध्यक्ष और राज्य प्रभारी अनिल एंटनी मौजूद रहे. इन विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद मेघालय विधानसभा में भाजपा के कुल विधायकों की संख्या 10 हो गई है.
LIVE: Eight MLAs from Meghalaya join the BJP at the party headquarters in New Delhi. #JoinBJP https://t.co/IAxw6H5tMr
— BJP (@BJP4India) September 23, 2026
कौन हैं वे 8 विधायक जिन्होंने बदला पाला?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने वाले आठ विधायक ये हैं:
- लाहकमेन रिमबुई (Lahkmen Rymbui)
- पियस मारवेन (Pius Marwein)
- किर्मेन शायला (Kyrmen Shylla)
- मेयरलबोर्न सिएम (Mayralborn Syiem)
- मैथ्यू कुर्बाह (Matthew Kurbah)
- ओल्लान सिंह सुइन (Ollan Singh Suin)
- बालाजीद कुपार सिनरेम (Balajied Kupar Synrem)
- सिंशार लिंगदोह थाबाह (Synshar Lyngdoh Thabah)
इन आठों विधायक पहले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) से जुड़े हुए थे और अब उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है.
विधानसभा में बदला राजनीतिक समीकरण
UDP के 8 विधायकों के भाजपा में आने से राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदल गई है. अब भाजपा मेघालय विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. राजनीतिक विश्लेषक इसे उत्तर-पूर्व की राजनीति में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं.
विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम : किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी विधायकों का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए इसे केवल उत्तर-पूर्व ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने वाले सभी विधायक मेघालय के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं और पहले एक प्रमुख क्षेत्रीय दल UDP से जुड़े हुए थे. रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा उत्तर-पूर्व को अपने दिल के करीब रखा है और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है.
कांग्रेस पर साधा निशाना
रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर-पूर्व को राजनीतिक रूप से महत्वहीन क्षेत्र की तरह देखा जाता था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी केवल राजनीतिक गणित नहीं देखा, बल्कि उत्तर-पूर्व के विकास और लोगों से जुड़ाव को प्राथमिकता दी. रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी 80 से अधिक बार विकास कार्यों के लिए उत्तर-पूर्व का दौरा कर चुके हैं.
पूर्वोत्तर बन रहा न्यू इंजन : संबित पात्रा
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के लिए उत्तर-पूर्व का मतलब 'नॉन-एग्जिस्टेंट' यानी लगभग उपेक्षित क्षेत्र था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर-पूर्व अब भारत के विकास का "न्यू इंजन" बन गया है. पात्रा ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर-पूर्व में विकास, कनेक्टिविटी और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
यह भी पढ़ें : नौकरी छोड़ने के 5 दिन बाद BJP में गए, 2 दिन में मिला नौगांव लोकसभा टिकट, जानिए कौन हैं पूर्व IAS देबाशीष शर्मा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं