Kal Ka Mausam 23 september 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. अब ज्यादातर राज्यों में बारिश का सिलसिला थमने लगा है. उत्तर भारत से मॉनसून विदाई ले रहा है. लेकिन बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और बंगाल जैसे राज्यों में भारी बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 23 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार कल देशभर के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और तापमान में भी खास उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है. कल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान 34°C से 36°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 25°C के बीच रहने की उम्मीद है. 25 सितंबर से 27 सितंबर तक आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई चेतावनी नहीं है.
यूपी के कई जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला थमने लगा है. मौसम विभाग का कहना है कि कल पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन 25-27 सितंबर के दौरान यहां आंधी-तूफान के साथ व्यापक बारिश की संभावना है. 25 सितंबर से भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कल मौसम लगभग शुष्क रहेगा. मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं. हालांकि, 26-27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है.
बिहार में बारिश
बिहार में कल यानी 23 सितंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 24 और 25 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
राजस्थान से मॉनसून की विदाई
राजस्थान से मॉनसून ने विदाई लेना शुरू कर दी है. राज्य में इस सप्ताह मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में राजस्थान से मॉनसून की एक्टिविटी खत्म हो जाएंगी. जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में अगले 5-6 दिन मौसम सूखा रहने की पूरी संभावना है. वहीं पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर भागों में भी आगामी 5-6 दिन मौसम सूखा ही रहेगा, हालांकि कल कोटा, उदयपुर संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.

ओडिशा में भारी बारिश का रेड अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने प्रेशर की वजह से ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने कल से 25 सितंबर तक बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. ओडिशा के कुछ हिस्सों के लिए 23 से 25 सितंबर तक रेड अलर्ट जारी किया गया है. 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है. कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और मलकानगिरी को भी 24 और 25 सितंबर के लिए रेड अलर्ट पर रखा गया है.
छत्तीसगढ़ में भी आंधी-बारिश
छत्तीसगढ़ में भी कल मौसम खराब रहने की संभावना है. राज्य में कई जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ व्यापक बारिश होगी. मौसम विभाग ने 23 और 24 सितंबर के लिए बहुत ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
इन राज्यों में भी कल बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश
- मध्यम बारिश: मध्य प्रदेश, झारखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, गोवा, कर्नाटक और केरल
- हल्की बारिश: नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं