- दिल्ली के हौज खास में एसी ब्लास्ट के कारण आग लगने से 80 साल के रिटायर IAS अधिकारी की मौत
- IAS अधिकारी की पड़ोसी ने फायर ब्रिगेड और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
- पड़ोसी ने बताया कि बार-बार कॉल करने पर 20-25 मिनट बाद फायर ब्रिगेड पहुंची
राजधानी दिल्ली के हौज खास इलाके में घर में आग लगने से 80 साल के रिटायर IAS अधिकारी की मौत हो गई. इस घटना में अधिकारी का बेटा भी घायल हो गया. घर में आग एसी ब्लास्ट की वजह से लगी थी. घटना के वक्त घर में IAS अधिकारी के परिवार और स्टाफ समेत पांच लोग मौजूद थे. इस घटना पर IAS अधिकारी के घर से सामने रहने वाली एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का आरोप है कि आग लगने की घटना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची. पुलिस की टीम पहुंची, लेकिन उन्होंने भी हथियार डाल दिए थे.
फायर ब्रिगेड आने में लग गए 20-25 मिनट
महिला ने बताया कि वह रिटायर IAS अधिकारी की पड़ोसी है. उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड आने में 20-25 मिनट लगे. वो लोग बहाना बना रहे थे. उनका कहना था कि उन्हें घर की लोकेशन नहीं मिली, गली पतली है. लेकिन ऐसा कुछ नहीं है.यहां पतली गली नहीं है आराम से फायर ब्रिगेड आ सकती है.
दिल्ली में AC ब्लास्ट में पूर्व IAS की मौत, पड़ोसी बोलीं-'जब वीआईपी को 25 मिनट बाद मिली मदद, तो आम आदमी का क्या होगा?'#DelhiACBlast pic.twitter.com/SRo6TRkNW7
— NDTV India (@ndtvindia) May 29, 2026
उन्होंने कहा कि अंकल (रिटायर IAS) और उनकी पत्नी अकेले ही अपने स्टाफ के साथ यहां रहते हैं. वो इतने बड़े पद से रिटायर हुए इसके बाद भी उनके पास मदद पहुंचने में इतना वक्त लग गया. तो किसी आम आदमी का क्या होगा.
उन्होंने आगे बताया कि हम सभी पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की. पुलिस को भी कॉल किया. लेकिन पुलिस खाली हाथ आई. यहां से कुछ ही दूरी पर पुलिस स्टेशन है. जब हमने पुलिसवालों से बार-बार कहा तब वो पुलिस स्टेशन से फायर एक्सटिंग्वेशर लेकर आए. वो कह रहे थे कि ऐसे आग नहीं बुझेगी.
IAS अधिकारी की हो गई मौत
डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि मृतक की पहचान रिटायर IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार के रूप में हुई है. धुएं के कारण दम घुटने से एम्स ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:10 बजे हौज खास स्थित एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए दमकल के दो वाहनों को लगाया गया.
एक अधिकारी ने बताया कि घर से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद कुमार और उनके बेटे को अस्पताल ले जाया गया. जहां कुमार की जान नहीं बचाई जा सकी, वहीं उनके बेटे का इलाज चल रहा है, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि घर में लगे एसी के कमरे के अंदर वाले हिस्से में विस्फोट होने के कारण यह आग लगी होगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के हौज खास में दर्दनाक हादसा: AC ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग, 80 वर्षीय रिटायर्ड IAS की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं