विज्ञापन

दिल्ली एयरपोर्ट पर जवान को धक्का देकर घुसने वाला युवक एथलीट निकला, बिना वीजा जाना चाहता था विदेश

आरोपी सीआईएसएफ कर्मियों को चकमा देकर जबरदस्ती एयरपोर्ट के अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था. सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात CISF कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोका और 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' की मदद से उसे पकड़ लिया.

दिल्ली एयरपोर्ट पर जबरन घुसने वाले की हुई पहचान.
NDTV
  • दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर जबरन घुसने वाला युवक कुनाल एथलीट निकला
  • कुनाल हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. वह बिना वीजा विदेश जाना चाहता था
  • CISF ने कुनाल को टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर अनधिकृत प्रवेश करते हुए पकड़कर पुलिस के हवाले किया
दिल्ली:

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 में जबरन घुसने की कोशिश करने वाले आरोपी युवक की पहचान हो गई है. वह बिना वीजा विदेश जाना चाहता था. इसीलिए जबरदस्ती एयरपोर्ट पर घुस रहा था. उसकी पहचान  एथलीट कुनाल के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि कुनाल ने बुधवार को जब जबरदस्ती एयरपोर्ट में घुसने की कोशिश की तो सीआईएसएफ के जवानों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

बिना वीजा विदेश जाना चाहता था कुनाल

IANS ने बताया कि दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुनाल हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है. वह एथलीट है और पश्चिम बंगाल में ट्रेनिंग करता है. शुरुआती जांच में सामने आया कि कुनाल किसी भी कीमत पर विदेश जाना चाहता था. जबकि उसके पास वीजा और कोई वैध ट्रैवल डॉक्यूमेंट नहीं था. इसी वजह से वह जबरदस्ती एयरपोर्ट में घुसने लगा और बाद में पकड़ा गया.

CISF ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

अधिकारियों ने बताया कि सीआईएसएफ की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे नियमों के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है.इससे पहले, सामने आए वीडियो में आरोपी युवक को सीआईएसएफ कर्मियों को चकमा देते हुए जबरदस्ती एयरपोर्ट के अंदर घुसते हुए देखा गया था. यह घटना टर्मिनल 3 के डिपार्चर गेट पर हुई, जहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने उसे टर्मिनल में अनधिकृत रूप से घुसने की कोशिश करते देखा. सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रोका और 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (क्यूआरटी) की मदद से उसे पकड़ लिया.

एयरपोर्ट के प्रतिबंधित टर्मिनल में घुस रहा था

सीआईएसएफ के मुताबिक, घुसने की कोशिश के कुछ ही सेकंड के भीतर कुनाल को रोक कर काबू में कर लिया गया. डिपार्चर गेट पर तैनात कर्मियों और क्यूआरटी के बीच समय रहते तालमेल बिठाने से उस व्यक्ति को बिना जरूरी यात्रा दस्तावेजों के एयरपोर्ट के प्रतिबंधित टर्मिनल में घुसने से रोका जा सका.  सीआईएसएफ ने अपनी त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक संभावित सुरक्षा चूक को रोक दिया.  सीआईएसएफ ने अपने बयान में कहा कि उसके कर्मी एयरपोर्ट की सुरक्षा से समझौता करने की किसी भी कोशिश का जवाब देने के लिए हमेशा सतर्क और तैयार रहते हैं.

ये भी पढ़ें-जवान को दिया धक्का, अंदर दौड़ा... दिल्ली एयरपोर्ट पर CISF ने संदिग्ध को चंद सेकंड में दबोचा; VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Airport, IGI Airport At Delhi, CISF, CISF Action, Delhi Airport Delay
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com