शारदीय नवरात्रि के पहले दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने झंडेवालान मंदिर में मां भगवती के दर्शन कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि मां भगवती दिल्ली में अराजकता फैलाने वालों और देशहित से ऊपर अपने स्वार्थ रखने वालों को सद्बुद्धि दें.
नवरात्रि के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि देवी मां की कृपा से देश लगातार आगे बढ़े और समाज में शांति बनी रहे. उन्होंने कहा कि कुछ लोग दिल्ली में अशांति और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे लोगों को भी मां सही रास्ता दिखाएं. मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले दिल्ली में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है.
रेखा गुप्ता ने साधा राजनीतिक निशाना
दरअसल, शनिवार को दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जंतर-मंतर के पास जुटने की कोशिश कर रहे 7,000 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था.
इनमें कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता और कई अन्य राजनीतिक कार्यकर्ता भी शामिल थे. प्रशासन का आरोप था कि प्रदर्शनकारियों की भीड़ कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित कर सकती थी.
रेखा गुप्ता ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा था. उन्होंने आरोप लगाया था कि दोनों नेता अपनी कथित 'बी-टीम' कॉकरोच जनता पार्टी के जरिए राष्ट्रीय राजधानी में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता का उन लोगों से कोई सरोकार नहीं है जो देश के बारे में नहीं सोचते और केवल राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोगों को परेशान करते हैं.
'सबको विरोध दर्ज कराने का अधिकार, लेकिन...'
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर आम लोगों की जिंदगी बाधित करना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और शहर की सामान्य व्यवस्था को प्रभावित करना स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली सरकार नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है.
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को बंधक बनाने की कोशिश या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि राजधानी के लोगों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर की सामान्य गतिविधियां सुचारु रूप से चलती रहें.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में रहेंगे या गांव लौटेंगे अभिजीत दीपके, खुद बताया आगे का प्लान, CJP नेता करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं