हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपना नया और बेहतर मोबाइल ऐप लॉन्च किया है. इस ऐप के जरिए अब टिकट बुकिंग, वेब चेक-इन, डिजीयात्रा से जुड़ा बोर्डिंग पास, फ्लाइट स्टेटस और यात्रा से जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारियां एक ही जगह मिलेंगी. कंपनी का कहना है कि नए ऐप का मकसद यात्रियों के लिए बुकिंग से लेकर बोर्डिंग तक का सफर आसान बनाना है.
हवाई किराया पर 10% छूट, 31 दिसंबर तक बुकिंग करें
नए ऐप के लॉन्च के मौके पर एयरलाइन पहली बार ऐप से टिकट बुक करने वाले यात्रियों को बेस फेयर पर 10% की छूट भी दे रही है. इसके लिए यात्रियों को प्रोमो कोड APPFIRST का इस्तेमाल करना होगा.
एयर इंडिया एक्सप्रेस के इस ऑफर का फायदा पहली बार ऐप इस्तेमाल करने वाले यात्री उठा सकते हैं. इसके तहत 31 दिसंबर 2026 तक ऐप के जरिए की गई बुकिंग पर बेस फेयर में 10% की छूट मिलेगी.
हालांकि, इस ऑफर के तहत यात्रा की तारीख 31 मार्च 2027 तक होनी चाहिए. टिकट बुक करते समय प्रोमो कोड APPFIRST डालना जरूरी होगा.
- छूट: बेस फेयर पर 10%
- किसे मिलेगा फायदा: पहली बार ऐप से बुकिंग करने वाले को
- प्रोमो कोड: APPFIRST
- बुकिंग की आखिरी तारीख: 31 दिसंबर 2026
- यात्रा की आखिरी तारीख: 31 मार्च 2027
- बुकिंग का माध्यम: एयर इंडिया एक्सप्रेस मोबाइल ऐप
बुकिंग से बोर्डिंग पास तक कई सुविधाएं एक ऐप में
नए ऐप में यात्रियों को सफर के अलग-अलग चरणों से जुड़ी जानकारियां एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी. इसमें टिकट बुकिंग, चेक-इन, डिजीयात्रा से जुड़े बोर्डिंग पास, फ्लाइट स्टेटस, यात्रा अपडेट और अतिरिक्त सेवाओं का विकल्प शामिल है.
ऐप में पर्सनलाइज्ड ट्रैवल कार्ड भी जोड़े गए हैं. ये यात्रियों की यात्रा के चरण के हिसाब से जरूरी जानकारी दिखाएंगे. उदाहरण के लिए, चेक-इन शुरू होने का समय, बोर्डिंग पास, लाइव फ्लाइट अपडेट, मौसम की जानकारी और अतिरिक्त सेवाओं से जुड़े विकल्प.
इससे यात्रियों को सफर के दौरान जरूरी जानकारी खोजने के लिए अलग-अलग सेक्शन में जाने की जरूरत कम होगी.
नए ऐप के होम पेज पर दिखेंगे घूमने के विकल्प
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ऐप के होम पेज को भी नए तरीके से डिजाइन किया है. इसमें यात्रियों को अलग-अलग पर्यटन स्थलों से जुड़े सुझाव मिलेंगे.
इनमें समुद्र तट, पहाड़, प्राकृतिक जगहों और एडवेंचर से जुड़े डेस्टिनेशन शामिल हैं. इसके अलावा लोकेशन के आधार पर लोकप्रिय पर्यटन स्थलों, खास ऑफर्स और एयरलाइन की 'टेल्स ऑफ इंडिया' पहल से जुड़ा कंटेंट भी दिखाया जाएगा.
इसका मकसद सिर्फ टिकट बुकिंग तक सीमित रहने के बजाय यात्रियों को नई जगहों और यात्रा के विकल्पों के बारे में जानकारी देना है.
Android और iPhone यूजर्स के लिए बेहतर अनुभव
एयरलाइन ने नए ऐप को एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म के लिए बेहतर बनाया है. कंपनी के मुताबिक, नए वर्जन में ऐप की स्थिरता, स्पीड और इस्तेमाल करने के अनुभव पर काम किया गया है.
लॉन्च के कुछ ही दिनों के भीतर ऐप डाउनलोड में करीब 25% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, गूगल प्ले स्टोर पर ऐप की रेटिंग 4.8 और एप्पल ऐप स्टोर पर 4.6 तक पहुंच गई है.
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि यात्रियों की जो प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, वो नए ऐप के बेहतर अनुभव को दिखाती है. कंपनी डिजिटल सुविधाओं के जरिए बुकिंग से लेकर यात्रा पूरी होने तक की प्रक्रिया को ज्यादा आसान बनाने पर काम कर रही है.
यह भी पढ़ें | फ्लाइट टिकट पर आ गए नए नियम, किराया ज्यादा बढ़ा तो सरकार लेगी खबर, नहीं चलेगी एयरलाइंस की मनमानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं