पश्चिम बंगाल में कुछ दिन पहले कॉकरोच जनता पार्टी के वॉलंटियर शेक अब्दुल हफीज के पिता जनाब माफिक पर हमला हुआ था. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई.कॉकरोच जनता पार्टी ने इस हमले के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया है. हालांकि, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि एफआईआर में जिन भी आरोपियों के नाम हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि दो लोगों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है और उनका बीजेपी से कोई लेना-देना नहीं है. ये सभी आरोपी हैं और कानून के दायरे में इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
कॉकरोच जनता पार्टी ने क्या बताया?
इस मामले में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने भी एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में उन्होंने बताया कि पार्टी के वॉलंटियर शेक अब्दुल हफीज लंबे समय से उनके साथ जुड़े हुए हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में भी वह पार्टी के साथ मौजूद थे.
आशुतोष रांका के मुताबिक, शेक अब्दुल हफीज की मांग सिर्फ इतनी थी कि पश्चिम बंगाल के उनके जिले में सरकारी स्कूलों की हालत सुधारी जाए. लेकिन जब वह स्कूल से वापस आ रहे थे, तभी उन पर हमला कर दिया गया. उन्होंने बताया कि शेक के पिता बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- अभिजीत दीपके ने किया ये बड़ा ऐलान
अभी के लिए कॉकरोच जनता पार्टी इस मामले में बीजेपी पर हमलावर है. पार्टी के कई कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल पहुंच इस मामले में न्याय की मांग करने वाले हैं. वे पीड़ित परिवार से भी मुलाकात करेंगे. वैसे दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन शुरू हो सकता है. अभिजीत दिपके ने कहा है कि उन्हें इंस्टाग्राम पर लगातार पूछा जा रहा है कि जंतर-मंतर का सेकेंड सीजन कब शुरू होगा, मैं उन सभी से कहना चाहता हूं कि जल्द ही सेकेंड सीजन शुरू होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं