- क्रूज शिप एमवी होंडियस स्पेन पहुंच गया. यात्रियों को WHO और स्पेन सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत उतारा गया.
- जहाज पर सवार दोनों भारतीय क्रू सदस्य स्वस्थ पाए गए और उन्हें आगे निगरानी के लिए नीदरलैंड भेजा गया है.
- WHO महानिदेशक ने टेनेरिफ द्वीप के लोगों को भरोसा दिलाया कि जहाज के कैनरी द्वीप पहुंचने के बावजूद खतरा कम है.
क्रूज शिप एमवी होंडियस रविवार को स्पेन पहुंच गया, जहां यात्रियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन और स्पेन सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत सुरक्षित रूप से जहाज से उतारा गया. इससे पहले हंता वायरस संक्रमण की आशंका के चलते इस जहाज को स्पेन के कैनरी द्वीप के तट के पास रोक दिया गया था, जिसके बाद स्वास्थ्य एजेंसियों ने स्थिति का आकलन किया. जहाज पर सवार दोनों भारतीय क्रू सदस्य पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें आगे की स्वास्थ्य निगरानी के लिए नीदरलैंड भेजा गया है.
स्पेन में भारतीय दूतावास की ओर दी गई जानकारी के अनुसार, हंता वायरस से प्रभावित डच झंडे वाला जहाज एमवी होंडियस में दो भारतीय नागरिकों सहित लगभग 150 लोग सवार थे. वायरस के फैलने की आशंका के चलते जहाज को स्पेन के कैनरी द्वीप के तट से कुछ दूरी पर लंगर डालकर रोक दिया गया था.
ये भी पढ़ें: हंता वायरस वाले जहाज को लेकर WHO ने दी बड़ी चेतावनी, स्पेन के तट पर उतर रहे यात्री
स्वस्थ हैं दोनों भारतीय, नहीं मिले बीमारी के लक्षण
जहाज पर सवार यात्रियों को डब्ल्यूएचओ और स्पेनिश अधिकारियों द्वारा तय किए गए प्रोटोकॉल के अनुसार जहाज से उतारा गया. जहाज से उतारे गए दोनों भारतीय नागरिक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं हैं.
स्पेनिश राष्ट्रीय आपातकालीन निगरानी और समन्वय केंद्र (सीईएनईएम) से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भारतीय नागरिक जहाज के क्रू सदस्य के तौर पर यात्रा कर रहे थे. उन्हें नीदरलैंड भेज दिया गया है. वहां उन्हें संबंधित स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत क्वारंटाइन में रखा जाएगा.
भारतीयों के संपर्क में स्पेन में मौजूद भारतीय दूतावास
स्पेन में भारत के राजदूत स्पेनिश अधिकारियों और इन दो भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर नियमित रूप से नजर रख रहे हैं.
स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट की ओर से संचालित बसों ने स्पेनिश सिविल गार्ड की सुरक्षा में निकाले गए लोगों को सीधे ग्रानाडिला बंदरगाह से टेनेरिफ दक्षिण हवाई अड्डे के रनवे तक पहुंचाया. यहां से स्पेनिश यात्रियों को लेकर पहला विमान रविवार को स्पेन के कैनरी द्वीप से मैड्रिड के लिए रवाना हो गया.
वहीं, नीदरलैंड्स भी सोमवार दोपहर एक 'स्वीप फ्लाइट' भेजने वाला है. स्पेनिश मीडिया के मुताबिक, यह फ्लाइट उन यात्रियों को लेकर जाएगी जिन्हें उनके देशों ने अब तक वापस नहीं बुलाया है.
यह कोई दूसरा कोविड नहीं है: WHO महानिदेशक
शनिवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने टेनेरिफ द्वीप के लोगों को भरोसा दिलाया कि एमवी होंडियस के कैनरी द्वीप पहुंचने के बावजूद सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा अभी कम है. जहाज पर हंता वायरस फैलने के मामले सामने आए थे.
कैनरी द्वीप के निवासियों को लिखे एक खुले पत्र में टेड्रोस ने स्थानीय चिंताओं को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि यह कोई दूसरा कोविड नहीं है. उन्होंने कहा कि हंटा वायरस से फिलहाल सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा कम है. साथ ही उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचओ के विशेषज्ञ और मेडिकल सप्लाई पहले से ही जहाज पर मौजूद हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं