विज्ञापन

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस ने 5 विधायकों को किया निलंबित

कांग्रेस ने हरियाणा के पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है. इन विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी.

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस ने 5 विधायकों को किया निलंबित
  • हरियाणा में कांग्रेस ने पांच विधायकों को राज्यसभा चुनावों में कथित क्रॉस-वोटिंग के आरोप में निलंबित किया है
  • निलंबित विधायकों में नारायणगढ़, साढौरा, पुन्हाना, हथीन और रतिया के विधायक शामिल हैं
  • प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने क्रॉस-वोटिंग की जांच के बाद विधायकों को निलंबित करने की सिफारिश की थी

हरियाणा में विपक्षी दल कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को पिछले महीने हुए राज्यसभा चुनावों के दौरान कथित तौर पर ‘क्रॉस-वोटिंग' करने के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संगठनात्मक अनुशासन के उल्लंघन का गंभीर संज्ञान लेते हुए, पार्टी ने पांच विधायकों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया.

किन विधायकों को किया निलंबित?

उन्होंने कहा कि राज्य अनुशासन समिति की सिफारिश और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद यह कार्रवाई की गई है. नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी, साढौरा विधायक रेणु बाला, पुन्हाना विधायक मोहम्मद इलियास, हथीन सीट से विधायक मोहम्मद इसराइल और रतिया से विधायक जरनैल सिंह पर पार्टी की आधिकारिक लाइन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था. प्रदेश कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति (डीएसी) ने हाल में पांच विधायकों के निलंबन की सिफारिश की थी.

Latest and Breaking News on NDTV

समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने कहा था कि समिति ने एक रिपोर्ट तैयार की है और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में पांच पार्टी विधायकों द्वारा कथित ‘क्रॉस-वोटिंग' के मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व को अपना निर्णय बता दिया है. समिति ने विधायकों को निलंबित करने की सिफारिश की थी. डीएसी ने विधायकों को जारी किए गए कारण बताओ नोटिसों के जवाबों की जांच की.

इससे पहले कांग्रेस ने हरियाणा के अपने पांच विधायकों को ‘क्रॉस-वोटिंग' के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया था. कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार के पक्ष में जानबूझकर मतदान न करके दल-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को हुआ था. बीजेपी के संजय भाटिया ने आसानी से एक सीट जीत ली जबकि कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौध ने नांदल के खिलाफ कड़े मुकाबले में दूसरी सीट हासिल की.

कांग्रेस के पांच विधायकों द्वारा कथित ‘क्रॉस वोटिंग' ने पार्टी के लिए मुश्किल स्थिति पैदा कर दी. गिनती के दौरान कांग्रेस के चार वोट भी अमान्य घोषित कर दिए गए. विधायक शैली चौधरी, बाला और जरनैल सिंह ने बाद में आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि उनके नाम अनावश्यक रूप से विवाद में घसीटे जा रहे हैं और उन्होंने पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में ही मतदान किया था. पांचों विधायकों में से चौधरी, बाला और जरनैल सिंह ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया था.

यह भी पढ़ें: 'मतदान से दो दिन पहले भी नाम जुड़ा तो मिलेगा वोटिंग का अधिकार', बंगाल SIR पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश

लेखक के बारे में
img
अनुभव शाक्य
chief sub editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajyasabha Election, Haryana Congress, Congress MLA, Haryana Congress MLA, Congress MLA Haryana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com