विज्ञापन

झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज

पीड़िता ने विधायक पर दुष्कर्म, प्रताड़ना और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने FIR दर्ज कर पीड़िता की मेडिकल जांच और मामले की जांच शुरू कर दी है.

झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
विधायक ने दुष्कर्म केआरोपों को अपने खिलाफ साजिश बताया है.
  • पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर रांची के धुर्वा थाना में मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस जांच कर रही है
  • विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए अपनी पूरी सफाई दी और आरोपों को खारिज किया है
  • बच्ची ने विधायक के सरकारी आवास में काम किया था लेकिन चार महीने पहले उसने वहां से नौकरी छोड़ दी थी

झारखंड में कांग्रेस के सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय नाबालिग आदिवासी बच्ची ने दुष्कर्म, शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता सिमडेगा जिले की रहने वाली है. बच्ची के लिखित आवेदन के आधार पर रांची के धुर्वा थाना में मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि कथित घटना रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित विधायक आवास में हुई. मामला सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है.

पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि विधायक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना की गई. बच्ची का यह भी आरोप है कि घटना के बारे में किसी को जानकारी देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी.

FIR दर्ज, मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू 

मामले में हटिया के डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच करेगी. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

विधायक ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश

वहीं, कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. बातचीत में उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला राजनीतिक साजिश है और लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है. विधायक ने कहा, "कुछ दलाल किस्म के लोगों और राजनीतिक विरोधियों की ओर से पूरी कहानी प्लांट कर मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है. इसमें मेरी कोई संलिप्तता नहीं है."

उन्होंने यह स्वीकार किया कि बच्ची उनके सरकारी विधायक आवास में काम करती थी, लेकिन करीब चार महीने पहले उसने काम छोड़ दिया था. विधायक ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बच्ची के साथ किसी तरह की घटना हुई थी, तो उसने इतने समय तक इसकी जानकारी क्यों नहीं दी? उनके मुताबिक, तीन महीने बाद इस तरह के आरोप लगाए जाना राजनीतिक षड्यंत्र  है.

अब पुलिस जांच से खुलेगा पूरे मामले का सच 

एक तरफ नाबालिग ने कांग्रेस विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो दूसरी तरफ विधायक भूषण बाड़ा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है. दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच अब पूरे मामले की जांच पुलिस के लिए अहम चुनौती है. 

पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश करेगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है. फिलहाल इस मामले में सबकी निगाहें पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.

यह भी पढ़ें | झारखंड: दलित के कंधे पर बैठकर नदी पार कर रहे थे RJD विधायक नरेश सिंह, संतुलन बिगड़ते ही गिरे पड़े

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand News, Congress MLA, Ranchi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com