विज्ञापन
This Article is From Feb 08, 2018

राफेल मामला : राहुल गांधी का हमला जारी, 'मोदी जी जवाब नहीं दे रहे हैं, दाल में कुछ तो काला है'

सरकार और विपक्ष के बीच राफेल विमान सौदे को लेकर घमासान जारी है.

राफेल मामला : राहुल गांधी का हमला जारी, 'मोदी जी जवाब नहीं दे रहे हैं, दाल में कुछ तो काला है'
राफेल विमान (फाइल फोटो)
  • राफेल विमान सौदे पर राहुल ने पीएम मोदी को घेरा.
  • दाल में कुछ तो काला है - राहुल गांधी
  • पीएम मोदी की चुप्पी पर भी राहुल ने उठाए सवाल.
नई दिल्ली: सरकार और विपक्ष के बीच राफेल विमान सौदे को लेकर घमासान जारी है. एक ओर जहां केंद्र सरकार इस सौदे को गोपनीयता का हवाला देकर सार्वजनिक करने से बच रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इसमें घोटाले का आरोप लगा रही है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को राफेल लड़ाकू विमान सौदे को लेकर सरकार पर हमला जारी रखा और दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनके सवालों का जवाब नहीं दे रहे हैं क्योंकि कुछ न कुछ गड़बड़ी तो हुई है.

यह भी पढ़ें - राफेल सौदा : सिर्फ BJP ही नहीं, कांग्रेस भी रक्षा सौदों की जानकारी सार्वजनिक करने से कर चुकी है इनकार

संसद में कल के प्रधानमंत्री के भाषणों का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह बात साफ हो गई है कि प्रधानमंत्री बुनियादी सवालों का जवाब देने के इच्छुक नहीं हैं. उन्होंने कहा कि मोदी जी जवाब नहीं दे रहे हैं, दाल में कुछ तो काला है. राहुल ने कहा कि रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले घोषणा की थी कि वह राफेल विमान की खरीद का दाम राष्ट्र को बतायेंगी किन्तु वह अब यह कह रही हैं कि वह ऐसा नहीं करेंगी क्योंकि यह सरकारी गोपनीयता है. राहुल ने सवाल किया, ‘इनमें से कौन से दोनों बयान सही हैं.’ 

यह भी पढ़ें - राफेल सौदे पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर निशाना, राहुल ने पीएम से पूछा- घपला हुआ है या नहीं?

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने मोदी से तीन सवाल पूछे थे. इनमें विमान का दाम तथा एक सरकारी कंपनी से छीनकर एक व्यवसायी को यह करार देना शामिल है. राहुल ने कहा कि मगर अभी तक कोई जवाब नहीं आया. उन्होंने कहा, ‘इसका केवल एक जवाब हो सकता है और वह है कि दाल में काला है.’ 

बता दें कि इससे पहले रक्षा मंत्री सीतारमण ने कहा था कि राफेल सौदे को लेकर जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती, क्योंकि यह राष्ट्रीय सुरक्षा और गोपनीयता से जुड़ा मामला है. 

VIDEO : राफेल डील पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी से किया सवाल (इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rafale Aircraft Deal, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com