एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के सेमीफाइनल में गुरुवार को भारत ए का सामना श्रीलंका से होगा. पाकिस्तान के खिलाफ हार के बाद यूएई पर बड़ी जीत दर्ज कर आत्मविश्वास हासिल कर चुकी भारतीय टीम अब फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. इस मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर होंगी, जिन्होंने पिछले मैच में रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक जड़कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी थी. यूएई के खिलाफ वैभव ने केवल 53 गेंदों में 204 रन बनाए थे. उनकी पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल थे. इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने भारत को न सिर्फ बड़ी जीत दिलाई, बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद शानदार वापसी भी कराई.
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ए की संभावित ओपनिंग जोड़ी वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा हो सकती है. अभिषेक अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं, लेकिन टीम प्रबंधन उन पर भरोसा बनाए रख सकता है. वहीं प्रभसिमरन सिंह को बाहर बैठना पड़ सकता है. मिडिल ऑर्डर में कप्तान तिलक वर्मा टीम के सबसे अहम बल्लेबाज होंगे. उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार दो शतक लगाए हैं, हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ उनकी धीमी शतकीय पारी पर सवाल भी उठे थे. रिंकू सिंह अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी.
आयुष बडोनी की फॉर्म चिंता का विषय रही है. उन्होंने अब तक सिर्फ 2 और 0 रन बनाए हैं, लेकिन टीम संतुलन को देखते हुए उन्हें एक और मौका मिल सकता है. विकेटकीपर की भूमिका कुमार कुशाग्र निभाते दिखाई दे सकते हैं.
गेंदबाजी विभाग में हर्षित राणा और प्रिंस यादव भारत के प्रमुख हथियार होंगे. दोनों तेज गेंदबाज अब तक 7-7 विकेट ले चुके हैं. इनके अलावा अरशद खान, हर्ष दुबे, शाहबाज अहमद और तनुष कोटियन पर भी अहम जिम्मेदारी रहेगी. हालांकि भारत के सामने चुनौती आसान नहीं होगी. श्रीलंका टूर्नामेंट में अब तक अजेय रहा है. निशान मदुश्का, लसिथ क्रूसपुले और कप्तान पवन रथनायके लगातार रन बना रहे हैं, जबकि वानुजा साहन गेंदबाजी में प्रभावशाली रहे हैं.
भारत ए की संभावित प्लेइंग 11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, आयुष बडोनी, तनुष कोटियन, शाहबाज अहमदअरशद खान, हर्षित राणा, प्रिंस यादव
भारत और श्रीलंका के बीच यह सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. फाइनल का टिकट हासिल करने के लिए दोनों टीमें अपनी पूरी ताकत झोंकती नजर आएंगी, लेकिन भारतीय प्रशंसकों की सबसे बड़ी उम्मीद एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी और कप्तान तिलक वर्मा पर टिकी होगी.
यह भी पढ़ें | ' मैं पूछ रहा था कि आखिर हुआ क्या है', वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल भी हुए हैरान
यह भी पढ़ें | MI की एक पोस्ट ने बढ़ाई रोहित शर्मा के फैंस की बेचैनी, कप्तानी को लेकर होने वाला है बड़ा ऐलान!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं