विज्ञापन
OPINION

इजरायल पर राहुल गांधी के बयान से छिड़ी बहस, भारत की विदेश नीति का असली आधार क्या है?

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में हुई बातचीत में भारत-इजरायल रक्षा संबंधों का समर्थन किया. इसके बाद भारत में विदेश नीति पर बहस शुरू हो गई है. कैसी है भारत की विदेश नीति और यह कैसे तय होती है बता रहे हैं डॉ. श्रीश कुमार पाठक.

इजरायल पर राहुल गांधी के बयान से छिड़ी बहस, भारत की विदेश नीति का असली आधार क्या है?

किसी देश के साथ हमारे संबंध अच्छे हों, तो क्या उसके हर फैसले से सहमत होना भी जरूरी है? क्या किसी देश के साथ रक्षा सहयोग बढ़ाते हुए हम उसके कुछ कदमों पर असहमति नहीं जता सकते? इजरायल और फिलस्तीन को लेकर हालिया राजनीतिक बहस ने इन सवालों को फिर सामने ला दिया है. यह केवल इजरायल या फिलस्तीन का प्रश्न नहीं, बल्कि भारत की विदेश नीति और हमारे लोकतंत्र की परिपक्वता को समझने का अवसर भी है. विदेश नीति का एक बुनियादी सिद्धांत है, 'Continuity and Change', यानी निरंतरता और परिवर्तन. इसका आशय यह है कि देशों के राष्ट्रीय हित और कुछ ऐतिहासिक प्रतिबद्धताएं समय के साथ बनी रहती हैं, लेकिन उन्हें हासिल करने के तरीके बदलती परिस्थितियों के अनुसार बदलते रहते हैं. भारत के इजरायल और फिलस्तीन के साथ संबंध इस सिद्धांत को समझने का अच्छा उदाहरण हैं.

कैसे हैं भारत-इजरायल संबंध

भारत ने 1950 में इजरायल को मान्यता दी थी, लेकिन पूर्ण राजनयिक संबंध जनवरी 1992 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के कार्यकाल में स्थापित हुए. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी, दोनों की सरकारों ने इस रिश्ते को आगे बढ़ाया. रक्षा सहयोग, सैन्य तकनीक और खुफिया साझेदारी ने इसे रणनीतिक गहराई दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2017 की इजरायल यात्रा ने इस संबंध को एक नई सार्वजनिक पहचान दी.फरवरी 2026 में दोनों देशों ने इसे 'शांति, नवाचार और समृद्धि के लिए विशेष रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक पहुंचाया. हाल ही में भारतीय नौसेना की बराक वायु रक्षा प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए 1,976.40 करोड़ रुपये का समझौता भी इसी सहयोग की निरंतरता का उदाहरण है. इस पूरी यात्रा में एक बात गौर करने लायक है. भारत में सरकारें बदलीं, राजनीतिक नेतृत्व बदला और कूटनीतिक प्राथमिकताओं की अभिव्यक्ति में भी परिवर्तन आया, लेकिन इजरायल के साथ संबंधों को आगे बढ़ाने की व्यापक सहमति बनी रही. इसका कारण समझना कठिन नहीं है. 

रक्षा तैयारियां, सैन्य तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा किसी एक राजनीतिक दल की प्राथमिकताएं नहीं हो सकतीं. इनका संबंध देश के दीर्घकालिक हितों से होता है. लेकिन भारत की विदेश नीति को केवल इजरायल के साथ उसके संबंधों से समझना अधूरा होगा. फिलस्तीन के साथ हमारा ऐतिहासिक जुड़ाव भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है. भारत ने 1974 में फिलस्तीन मुक्ति संगठन को मान्यता दी और 1988 में फिलस्तीन को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने वाले शुरुआती देशों में शामिल रहा. स्वतंत्र फिलस्तीनी राष्ट्र और दो-राष्ट्र समाधान का समर्थन आज भी भारत की घोषित नीति का हिस्सा है. इसलिए इजरायल के साथ संबंध मजबूत करना फिलस्तीन के अधिकारों से विमुख हो जाना नहीं है. भारत के लिए इन दोनों संबंधों को साथ लेकर चलना कोई विरोधाभास नहीं, बल्कि उसकी विदेश नीति की निरंतरता और बदलती रणनीतिक आवश्यकताओं के बीच संतुलन है.

Add image caption here

Add image caption here
Photo Credit: NDTV

क्या और मजबूत होने चाहिए भारत-इजरायल रक्षा संबंध

इसी संदर्भ में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का शिकागो विश्वविद्यालय में दिया गया हालिया बयान चर्चा में है. 18 नवंबर को प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ संवाद में उन्होंने इजरायल के साथ मजबूत संबंधों और रक्षा सहयोग का समर्थन किया. उनका कहना था कि भारत के अपने रणनीतिक हित हैं और उसे अपनी सेनाओं के लिए बेहतर हथियार खरीदने चाहिए. इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल के साथ संबंधों का अर्थ गाजा पर मौन रहना नहीं हो सकता. उन्होंने सात अक्टूबर के हमास हमले और गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई, दोनों की निंदा की. उनका वाक्य था,'One wrong cannot justify another.' उनके इस बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं. वामपंथी दलों और कुछ सहयोगियों ने उनकी स्थिति पर सवाल उठाए, जबकि कांग्रेस के नेताओं ने इसका समर्थन किया. 23 नवंबर को राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत के संदर्भ में तुषार गांधी ने भी उनके रुख का स्पष्टीकरण सार्वजनिक किया.इन प्रतिक्रियाओं से अलग, इस बयान में निहित मूल प्रश्न पर विचार करना अधिक जरूरी है. क्या रणनीतिक साझेदारी और नैतिक असहमति साथ-साथ चल सकती है? क्या किसी देश से रक्षा उपकरण खरीदने का अर्थ उसके हर सैन्य या राजनीतिक कदम का समर्थन करना है? मेरा मानना है कि इन प्रश्नों का उत्तर भारत की विदेश नीति के अनुभव में ही मौजूद है.

पश्चिम एशिया के साथ भारत के संबंध केवल कूटनीतिक बयानों तक सीमित नहीं हैं. खाड़ी देशों में लाखों भारतीय काम करते हैं. उनकी आजीविका, हमारी ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और निवेश इस क्षेत्र की स्थिरता से जुड़े हैं. वहां संघर्ष बढ़ने का असर तेल की कीमतों, घरेलू ईंधन खर्च और विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर पड़ सकता है. दूसरी ओर, इजरायल के साथ रक्षा सहयोग हमारी सैन्य तैयारियों और आधुनिक तकनीक तक पहुंच को मजबूत करता है. यानी इस क्षेत्र को लेकर भारत का हर निर्णय अंततः आम नागरिक के जीवन से भी जुड़ता है. यहीं लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष, दोनों की भूमिका महत्त्वपूर्ण हो जाती है. सरकार की जिम्मेदारी विदेश नीति का संचालन करना है, लेकिन विपक्ष का अधिकार है कि वह सरकारी फैसलों पर सवाल उठाए, पारदर्शिता की मांग करे और मानवीय सरोकारों को सामने रखे. सरकार की हर नीति को आलोचना से परे मान लेना लोकतांत्रिक विवेक नहीं है. उसी तरह, हर असहमति को राष्ट्रीय हितों के विरुद्ध ठहरा देना भी उचित नहीं. लोकतंत्र में सहमति जितनी आवश्यक है, असहमति के लिए जगह बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है. रणनीतिक स्वायत्तता का अर्थ केवल इतना नहीं कि भारत किसी बाहरी शक्ति के दबाव में निर्णय न ले. इसका अर्थ यह भी है कि वह अपने हितों, सिद्धांतों और विवेक के आधार पर स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता बनाए रखे. इजरायल के साथ रक्षा सहयोग और फिलस्तीन के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता को इसी दृष्टि से देखा जाना चाहिए.

कैसे तय होगी भारत की विदेश नीति

एक आम भारतीय के लिए इस बहस का संदेश शायद इतना ही है कि विदेश नीति को नेताओं के बयानों या राजनीतिक दलों की आपसी खींचतान के आधार पर नहीं परखना चाहिए. हमें यह देखना चाहिए कि भारत के फैसले हमारी सुरक्षा, आर्थिक हितों, विदेशों में रह रहे नागरिकों और विश्व मंच पर हमारी स्वतंत्र आवाज को कितना मजबूत करते हैं. भारत को प्रभावी विदेश नीति के लिए राजनीतिक एकरूपता की आवश्यकता नहीं है. उसे नीतिगत निरंतरता, बदलती परिस्थितियों के अनुरूप विवेकपूर्ण परिवर्तन और घरेलू स्तर पर तथ्यपूर्ण बहस चाहिए. सरकार और विपक्ष के विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन देश के दीर्घकालिक हितों पर संवाद बना रहना चाहिए. आखिरकार, लोकतंत्र की ताकत इस बात में नहीं है कि उसमें सभी एक जैसा सोचें. उसकी असली ताकत यह है कि असहमतियों के बावजूद वह आगे बढ़ने का रास्ता खोज लेता है. यही भारतीय लोकतंत्र की परिपक्वता है.

(डिस्क्लेमर: लेखक दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़ से पीएचडी और एमफिल हैं. इस समय वो एमिटी यूनिवर्सिटी के नोएडा कैंपस के एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़ में असिस्टेंट प्रोफेसर (सीनियर स्केल) हैं.इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Foreign Policy, India Israel Relations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com