लोकसभा सीटों के परिसीमन को लेकर सियासत तेज होती जा रही है. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और उन्हें यह पूरी कवायद 'वोट चोरी' की तैयारी जैसी लगती है. ठाकरे ने यहां तक कहा कि अगर प्रक्रिया निष्पक्ष होती तो वह भी इसका समर्थन कर सकते थे, लेकिन उन्होंने पार्टी हित से ऊपर महाराष्ट्र और देश के हित को रखा है.
उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह परिसीमन से जुड़े विधेयक का समर्थन कर सकते थे, लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी के राजनीतिक हित से पहले राज्य और देश के व्यापक हित को प्राथमिकता दी. उनके मुताबिक, जिस प्रक्रिया के जरिए परिसीमन किया जाना है, उसके संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और यही उनकी सबसे बड़ी चिंता है.
उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाना एक अलग विषय है और उस पर अलग से चर्चा हो सकती है, लेकिन उससे पहले यह सुनिश्चित होना चाहिए कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो.
'जिसे जिम्मेदारी दी गई, उस पर ही वोट चोरी के आरोप'
उद्धव ठाकरे ने परिसीमन से जुड़ी समिति की संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस व्यक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, उस पर ही वोट चोरी के आरोप लगाए जाते रहे हैं.
उन्होंने कहा कि देशभर में ऐसे लोगों को हटाने की मांग उठी थी, इसके बावजूद उन्हें समिति में रखा गया है. ठाकरे ने आरोप लगाया कि समिति में शामिल रिटायर्ड जज की नियुक्ति भी केंद्र सरकार के नेतृत्व में हुई है और तीसरे सदस्य के चयन की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल हैं. उनके मुताबिक, ऐसी स्थिति में समिति की निष्पक्षता पर संदेह पैदा होना स्वाभाविक है.
उन्होंने कहा, 'समिति ही गलत है. तरीका ही गलत है. यह पूरा मामला फ्रॉड जैसा दिखाई देता है.'
'भाजपा और विपक्ष के वोट का पूरा हिसाब पहले से तैयार'
उद्धव ठाकरे ने आरोप लगाया कि परिसीमन के पीछे राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष के पास पहले से यह गणित तैयार है कि किन क्षेत्रों में भाजपा को फायदा होगा और किन क्षेत्रों में विपक्ष को नुकसान उठाना पड़ेगा.
उनके अनुसार, लोकसभा क्षेत्रों का ऐसा पुनर्गठन किया जा सकता है जिसमें सत्ता पक्ष को अधिक सीटों पर बढ़त मिले और विपक्ष की संभावनाएं सीमित हो जाएं. हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई ठोस आंकड़ा या दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया.
'इसे महिला विधेयक कहना गलत'
उद्धव ठाकरे ने महिला आरक्षण के मुद्दे को भी उठाया. उन्होंने कहा कि इसे महिला विधेयक का नाम देकर पेश किया जा रहा है, जबकि महिला आरक्षण से जुड़ा विधेयक पहले ही मंजूर हो चुका है और उनकी पार्टी उसका समर्थन कर चुकी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर राजनीति की जा रही है और असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है. ठाकरे ने कहा कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व देना जरूरी है, लेकिन उसे किसी अन्य राजनीतिक एजेंडे के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए.
'सब कुछ पर्दे के पीछे चल रहा है'
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण तत्व पारदर्शिता होती है, लेकिन इस मामले में वह दिखाई नहीं दे रही.
उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में सदस्यों की संख्या बढ़ाने जैसे बड़े फैसलों से पहले जनता और राजनीतिक दलों को स्पष्ट जानकारी दी जानी चाहिए. ठाकरे के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया को लेकर कई फैसले पर्दे के पीछे लिए जा रहे हैं, जिससे संदेह और बढ़ रहा है.
उद्धव ठाकरे ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन से भी इस मुद्दे पर दोबारा विचार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर फैसला होना चाहिए और किसी भी ऐसे कदम से बचना चाहिए जिसे जनता के साथ धोखा माना जाए.
साथ ही, उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) प्रमुख शरद पवार से भी राज्य और देश के हित को प्राथमिकता देने की अपील की. ठाकरे ने कहा कि लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है और ऐसे समय में सभी विपक्षी दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा, "हम पार्टी से आगे लोगों के हित को रख रहे हैं. पवार साहब को भी इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए, वरना लोकतंत्र की हत्या होगी."
'यह घटनात्मक नहीं, दुर्घटनात्मक प्रक्रिया'
उद्धव ठाकरे ने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि यह कोई सामान्य संवैधानिक प्रक्रिया नहीं लगती, बल्कि "दुर्घटनात्मक प्रक्रिया" जैसी दिखाई देती है.
उनका आरोप है कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं सत्ता पक्ष के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर तय की जा सकती हैं. इसी वजह से वह लगातार इस पूरी कवायद में अधिक पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं.
शरद पवार से मुलाकात पर क्या बोले?
शाम को शरद पवार के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर पूछे गए सवाल पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि पवार अब भी महाविकास अघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा हैं और अभी कुछ भी देर नहीं हुई है.
उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी समय रहते इस मुद्दे पर अपनी राय साफ करनी चाहिए. ठाकरे ने कहा कि शरद पवार क्या फैसला लेते हैं, यह देखने वाली बात होगी, लेकिन सभी पक्षों को दो नावों पर सवार होने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: Bhuvan Bam के खिलाफ FIR, अश्लील टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज, NDTV के पास FIR की एक्सक्लूसिव कॉपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं