विज्ञापन

कांग्रेस-DMK में डील के लिए बचे हैं सिर्फ दो दिन, आखिर राहुल गांधी ने की स्टालिन से बातचीत

कांग्रेस–DMK गठबंधन पर सस्पेंस बरकरार है. राहुल गांधी ने स्टालिन को जन्मदिन पर कॉल किया, लेकिन सीट‑साझेदारी पर गतिरोध जारी है. कांग्रेस 35–41 सीटें और मंत्री पद चाहती है, जबकि DMK का ऑफर कम है.

कांग्रेस-DMK में डील के लिए बचे हैं सिर्फ दो दिन, आखिर राहुल गांधी ने की स्टालिन से बातचीत
राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है.
  • राहुल गांधी ने एम के स्टालिन को जन्मदिन की बधाई देने के लिए फोन किया था, गठबंधन पर चर्चा स्पष्ट नहीं है
  • कांग्रेस तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में डीएमके से कम से कम 35 सीटें और मंत्रिपद की मांग कर रही है
  • डीएमके ने कांग्रेस को 28 विधानसभा सीटें और दो राज्यसभा सीटों का अंतिम प्रस्ताव दिया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

कांग्रेस–डीएमके गठबंधन को लेकर जारी सस्पेंस के बीच कल राहुल गांधी की स्टालिन से फोन बार बात हुई. सूत्रों के मुताबिक रविवार को राहुल गांधी ने स्टालिन को जन्मदिन की बधाई देने के लिए कॉल किया था. यह साफ नहीं है कि दोनों नेताओं के बीच गठबंधन के उलझे पेंच पर कोई चर्चा हुई या नहीं. बहरहाल दोनों दलों के बीच गठबंधन के लिहाज से अगले 48 घंटे बेहद अहम हैं क्योंकि इसकी शर्तों में राज्यसभा की सीट शामिल है जिसके लिए नामांकन की आखिरी तारीख 5 मार्च है. 

कांग्रेस आलाकमान ने किया मंथन, DMK के पक्ष में खरगे

अगले महीने होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर रविवार को कांग्रेस आलाकमान ने मंथन भी किया था. इस बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल थे. कांग्रेस आलाकमान की राय बंटी हुई है. सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष खरगे विश्वसनीयता का हवाला दे कर पुराने सहयोगी डीएमके के साथ गठबंधन की पैरवी कर रहे हैं तो वहीं राहुल गांधी “सम्मानजनक गठबंधन” चाहते हैं.

ये भी पढ़ें : कांग्रेस–DMK गठबंधन पर सस्पेंस बरकरार, राहुल का स्टालिन को फोन; सीटों पर कहां फंसा पेंच

कांग्रेस की मांग बनाम डीएमके का प्रस्ताव

कांग्रेस तमिलनाडु में डीएमके से 41 सीटें और सरकार में हिस्सेदारी यानी मंत्रिपद चाहती है. सीएम स्टालिन साफ कर चुके हैं कि कांग्रेस को सरकार में भागीदारी नहीं दी जाएगी. डीएमके की तरफ से कांग्रेस को पिछली बार की तरह ही विधानसभा की 25 सीट और साथ में राज्यसभा की एक सीट तत्काल देने का प्रस्ताव दिया गया है. तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. पिछली बार कांग्रेस ने 25 सीटों पर लड़ कर 18 जीती थी. 

कांग्रेस सूत्रों का दावा कि डीएमके का फाइनल ऑफर विधानसभा की 28 सीट और राज्यसभा की 2 सीट (एक अभी और दूसरी दो साल बाद) का है. लेकिन कांग्रेस सत्ता में भागीदारी के मुद्दे पर अड़ी हुई है. कांग्रेस आलाकमान डीएमके से कम से कम विधानसभा की 35 सीट, 3 मंत्री पद और 2 राज्यसभा की सीट चाहती है. 

राज्यसभा के लिए मीनाक्षी नटराजन और पवन खेड़ा की चर्चा

समझौते को लेकर उलझे पेंच के बीच राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च है. तमिलनाडु में राज्यसभा की छह सीटें खाली हो रही हैं. इनमें से कम से कम चार सीटें इंडिया गठबंधन को मिल सकती है. यानी डीएमके और कांग्रेस के पास गठबंधन की डील फाइनल करने के लिए महज दो दिन बचे हैं. सूत्रों ने बताया है कि सब ठीक रहा तो कांग्रेस तमिलनाडु से मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेज सकती है. पवन खेड़ा का नाम भी चर्चा में है. 

ये भी पढ़ें ; एकला चलो रे! पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की शून्य से शुरुआत, लेकिन बड़ी चुनौती है इस राह में...

कांग्रेस के सामने टीवीके का विकल्प

इन सब के बीच कांग्रेस के पास अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके के साथ गठबंधन का विकल्प है. टीवीके पहली बार चुनाव में उतर रही है लेकिन विजय की लोकप्रियता के कारण माना जा रहा है कि टीवीके इस बार तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर कर सकती है. कांग्रेस के आंतरिक सर्वे में भी विजय की पार्टी को 15-20 फीसदी वोट का अनुमान जताया जा रहा है. टीवीके के साथ गठबंधन करने के पक्षधर कांग्रेस के एक धड़े को लगता है कि राहुल गांधी और विजय की जोड़ी तमिलनाडु में चमत्कार कर सकती है. 

इसके साथ ही तमिलनाडु में सत्ता से 60 सालों से बाहर कांग्रेस को डीएमके से छुटकारा मिल जाएगा, जो उसे सरकार में शामिल करने तक को तैयार नहीं होती. कांग्रेस के गुणाभाग में विधानसभा चुनाव के साथ ही अगला लोकसभा चुनाव भी शामिल है. कांग्रेस के एक उच्च सूत्र ने एनडीटीवी से कहा कि तमिलनाडु में हमारे नेता डीएमके के साथ बने रहना चाहते हैं जबकि पार्टी कार्यकर्ता डीएमके की ग़ुलामी छोड़ कर टीवीके के साथ गठबंधन करना चाहते हैं. गेंद डीएमके के पाले में कि वो कांग्रेस को कितना सम्मान देती है. जाहिर है तमिलनाडु में कांग्रेस-डीएमके के बीच गठबंधन की तस्वीर अगले दो दिनों में साफ़ हो सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com