विज्ञापन

CNG के दाम 3.89 रुपये बढ़े, दिल्ली में 87 रुपये प्रति किलो हुई कीमत, ऑटो वाले बोले- हम खुश नहीं

दिल्ली-एनसीआर में CNG पर निर्भर लाखों वाहन चालकों को बड़ा झटका लगा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 86.98 रुपये प्रति किलो कर दी है. वहीं ऑटो चालकों का कहना है कि बढ़ती ईंधन लागत से उनकी कमाई प्रभावित हो रही है.

CNG के दाम 3.89 रुपये बढ़े, दिल्ली में 87 रुपये प्रति किलो हुई कीमत, ऑटो वाले बोले- हम खुश नहीं
दिल्ली में CNG की कीमतों में बढ़ोतरी, वाहन चालकों को झटका
नई दिल्ली:

दिल्ली-एनसीआर में CNG इस्तेमाल करने वाले लाखों वाहन चालकों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में इसकी कीमत 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है. नई दरें 29 अगस्त सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं. कंपनी के मुताबिक वैश्विक LNG बाजार में भारी उछाल, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आयात लागत बढ़ने के कारण यह संशोधन किया गया है. इस बढ़ोतरी का असर ऑटो-रिक्शा, टैक्सी चालकों के साथ-साथ निजी वाहन मालिकों और सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र पर भी पड़ने की संभावना है. वहीं, ऑटो-रिक्शा चालकों का कहना है कि बढ़ती ईंधन लागत का सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ रहा है, जबकि यात्रियों का किराया लगभग पहले जैसा ही बना हुआ है. 

IGL ने जारी की नई दरें

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने शुक्रवार को बताया कि CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की 'कैलिब्रेटेड प्राइस रिविजन' की गई है. नई दर लागू होने के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है. इससे पहले उपभोक्ताओं को CNG 83.09 रुपये प्रति किलो मिल रही थी. कंपनी का कहना है कि बढ़ती इनपुट लागत को आंशिक रूप से समायोजित करने और आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है.

ऑटो चालकों की बढ़ी चिंता

CNG महंगी होने के बाद ऑटो चालकों ने चिंता जताई है. एक ऑटो चालक ने कहा, 'यह पूरी जनता की समस्या है. सरकार जिस तरह चीजों को संभाल रही है, उससे हम खुश नहीं हैं. CNG के दाम बढ़ने से ऑटो चालकों और दूसरे वाहन चालकों को परेशानी होती है. लेकिन यात्रियों का किराया लगभग वही रहता है.' उनका कहना है कि बढ़ती लागत के बावजूद ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की सवारी का किराया लगभग स्थिर बना हुआ है, जिससे आमदनी प्रभावित हो रही है.

वैश्विक बाजार में गैस की कीमतों का दबाव

IGL के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और होर्मुज से LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित होने के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट LNG की कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं. इसके साथ ही यूरोप में सर्दियों से पहले बढ़ती मांग ने भी गैस बाजार पर दबाव बढ़ाया है. कंपनी का दावा है कि वैश्विक स्तर पर गैस कीमतों में भारी उछाल के बावजूद भारतीय उपभोक्ताओं को काफी हद तक इससे बचाया गया है.

अंतरराष्ट्रीय कीमतों में 100% से अधिक उछाल

जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में CNG की खुदरा कीमत 77.09 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलो हुई थी, जो करीब 7.8 प्रतिशत की वृद्धि है. यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क की कीमत 11.36 डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर 23.35 डॉलर प्रति MMBTU पहुंच गई, यानी करीब 105 प्रतिशत की वृद्धि. एशिया के JKM LNG बेंचमार्क में 10.99 डॉलर प्रति MMBTU से बढ़कर 23.41 डॉलर प्रति MMBTU तक का उछाल दर्ज हुआ, जो करीब 113 प्रतिशत की बढ़ोतरी है.

कुछ चालकों ने किया फैसले का समर्थन

हालांकि कुछ वाहन चालकों ने कीमत बढ़ोतरी को वैश्विक परिस्थितियों से जुड़ा बताते हुए इसे स्वीकार्य माना है. एक अन्य ऑटो चालक ने कहा, 'CNG बाहर से आती है, यह हमारे देश में नहीं बनती. सिर्फ ऑटो ही नहीं, कार, बस और दूसरे वाहन भी इसी पर चलते हैं. इसलिए कीमत बढ़ने का असर सभी पर पड़ता है. हम यात्रियों को बताते हैं कि गैस महंगी हो गई है और कई यात्री खुद ही थोड़ा अतिरिक्त किराया दे देते हैं.'

यह भी पढ़ें : दिल्ली में ₹ 3.89 प्रति किलो बढ़े सीएनजी के दाम, अब चुकाने होंगे 86.98 रुपये

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CNG Price Hike, Delhi CNG Rate, IGL, Auto Rickshaw Drivers, CNG New Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com