विज्ञापन

IGI एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके गए सौरव दास, बोले- गांधी और संविधान की बात करता हूं, इसलिए हो रही टारगेटिंग

सौरव दास ने नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश का पैसा लूटकर विदेश भागने वालों को एयरपोर्ट पर नहीं रोका गया.

IGI एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके गए सौरव दास, बोले- गांधी और संविधान की बात करता हूं, इसलिए हो रही टारगेटिंग
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देने जा रहे सौरभ दास को रोक लिया गया है.

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के को-फाउंडर सौरव दास ने दावा किया है कि उन्हें दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उन्हें और उनके संगठन को निशाना बनाने के लिए की जा रही है. सौरव का कहना है कि CJP मूवमेंट से जुड़ने के बाद ही उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

पासपोर्ट फ्लैग होने की दी गई जानकारी

सौरव दास ने बताया कि एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें सूचित किया कि उनका पासपोर्ट फ्लैग किया गया है. उन्होंने कहा कि उन्हें एक शो-कॉज नोटिस भी दिया गया, लेकिन उसमें कार्रवाई के कारणों या संबंधित इनपुट के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई. उनके मुताबिक, बिना स्पष्ट वजह बताए इस तरह की कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है.

गांधी, अंबेडकर और नेहरू के विचारों का किया जिक्र

सौरव ने कहा कि वह अपने व्याख्यानों में महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और जवाहरलाल नेहरू के विचारों पर बात करते हैं. उन्होंने कहा कि इन्हीं नेताओं के सिद्धांतों की वजह से उनका आंदोलन हिंसा से दूर रहा है. सौरव ने आरोप लगाया कि सरकार को संविधान और गांधी जी के सिद्धांतों में दिलचस्पी नहीं है और यह कार्रवाई उन्हें परेशान करने की कोशिश है.

सरकार से पूछा, इनपुट किसने दिए?

सौरव ने सवाल उठाया कि आखिर उनके खिलाफ इनपुट किसने दिए हैं. उन्होंने कहा कि यदि वह प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ कोई इनपुट दें तो क्या उनके पासपोर्ट के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि उन्हें 2019 में पासपोर्ट मिला था और अब तक वह केवल दो बार विदेश यात्रा कर चुके हैं.

सौरव दास ने नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या का जिक्र करते हुए सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश का पैसा लूटकर विदेश भागने वालों को एयरपोर्ट पर नहीं रोका गया, जबकि उन्हें रोका जा रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्होंने भी बैंकों का पैसा लूटा होता तो शायद उन्हें VIP एंट्री और Z+ सुरक्षा मिलती.

कानूनी लड़ाई लड़ने का ऐलान

सौरव ने कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे और संविधान के दायरे में होने वाली हर प्रक्रिया में सहयोग करेंगे. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि बिना वजह दस्तावेज दिखाने के अभियान को वह स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने दावा किया कि देश में युवाओं की बेरोजगारी, पेपर लीक और अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही उन्होंने कहा कि वह, आशुतोष और अभिजीत दीपके आने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान भी युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाते रहेंगे. उन्होंने कहा कि CJP आगे भी एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगा और युवाओं की आवाज बुलंद करता रहेगा.

यह भी पढ़ें | सौरभ दास को लंदन जाने से रोका गया, पासपोर्ट में गलत पाई गई जानकारी- सूत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Saurav Das, Cockroach Janata Party, IGI Airport
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com