राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर अपने समर्थकों से शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. अभिजीत दीपके ने कहा कि वह मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे, लेकिन उन्हें नहीं पता कि राजधानी पहुंचने पर क्या स्थिति होगी.
उन्होंने कहा, 'कल सुबह मैं मुंबई से दिल्ली के लिए निकलूंगा. क्या होगा, मुझे नहीं पता. एयरपोर्ट से मुझे गिरफ्तार किया जा सकता है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं.' दीपके ने कहा कि उनका आंदोलन लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर है. उन्होंने कहा, 'हमें लोकतंत्र बचाना है. हमें फ्री और फेयर इलेक्शन चाहिए. यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है, हम देश को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं.'
CJP प्रमुख ने कहा कि अगर उन्हें हिरासत में भी लिया जाता है तो उन्हें इसका डर नहीं है. उन्होंने कहा, 'मुझे डिटेन करने का कोई डर नहीं है. हमें किसी बात का डर नहीं है.'
गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन की अपील
अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की. उन्होंने कहा, 'हमें अपना पूरा मार्च शांतिपूर्ण तरीके से करना है. हमें महात्मा गांधी के रास्ते पर चलना है. जब हम शांतिपूर्ण मार्च करेंगे, तब हमारा संविधान हमारी रक्षा करेगा.'
मार्च को प्रभावित करने की आशंका जताई
दीपके ने यह भी आशंका जताई कि कुछ लोग आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने कहा, 'यह लोग कुछ लोगों को भेजकर हमारा मार्च खराब करने की कोशिश कर सकते हैं.'
इससे पहले सरकार के एहतियाती कदमों की आलोचना करते हुए अभिजीत दीपके ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगाने को लेकर केंद्र सरकार की निंदा की और कहा कि केंद्र ‘जेन जी' से डरा हुआ है. उन्होंने कहा, ‘अगर आप युवाओं से इतना डरते हैं, तो पूरे देश को बंद कर दीजिए.'
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की 'परिंदा भी पर न मारे' जैसी तैयारी- 20 हजार जवान और 300 कैमरे, इंटरनेट ठप और बाजार बंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं