विज्ञापन

भारत में पहली बार विदेशी आरोपी का प्रत्यर्पण, रोमानिया से लाया जा रहा यूक्रेनी नागरिक

CBI और ED ने एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में यूक्रेन के नागरिक ओलेक्जेंडर जापिचेंको को रोमानिया से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की है.

भारत में पहली बार विदेशी आरोपी का प्रत्यर्पण, रोमानिया से लाया जा रहा यूक्रेनी नागरिक
फाइल फोटो
NDTV
नई दिल्ली:

CBI और ED की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पहली बार किसी विदेशी नागरिक को प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा रहा है. यूक्रेन के नागरिक ओलेक्जेंडर जापिचेंको को मनी लॉन्ड्रिंग और निवेश धोखाधड़ी के मामले में रोमानिया से भारत लाया जा रहा है. आमतौर पर भारतीय एजेंसियां विदेशों में छिपे भारतीय आरोपियों का प्रत्यर्पण कराती रही हैं.लेकिन यह पहला मौका है जब किसी विदेशी आरोपी को भारत में मुकदमे का सामना करने के लिए लाया जा रहा है.

ओलेक्जेंडर जापिचेंको के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था और ED को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में उसकी तलाश थी. आरोप है कि उसने निवेशकों को असामान्य रूप से अधिक साप्ताहिक रिटर्न का लालच देकर निवेश करवाने वाले नेटवर्क में अहम भूमिका निभाई. जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह निवेशकों से जुटाई गई बड़ी रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने और बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन को अंजाम देने में मदद करता था.

सीबीआई ने प्रत्यर्पण की पूरी कानूनी प्रक्रिया को समन्वित किया और रोमानिया से आरोपी को भारत लाने की कार्रवाई पूरी कराई. इसके बाद ईडी की टीम आरोपी को लेकर भारत के लिए रवाना हो चुकी है. रोमानिया से फ्लाइट ने टेकऑफ कर लिया है और 17 नवंबर 2026 को आरोपी को भारत लाया जा रहा है, जहां उससे मनी लॉन्ड्रिंग और निवेश धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में पूछताछ की जाएगी.

ये भी पढें : एयरपोर्ट सुरक्षा में बड़ा बदलाव, CISF की तैनाती घटेगी, प्राइवेट गार्ड संभालेंगे कुछ की कमान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CBI, ED
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com