विज्ञापन

बुलेट ट्रेन स्टेशन पर रेल और मेट्रो-बस एक छत के नीचे मिलेगी, मुंबई BKC, वडोदरा से साबरमती-अहमदाबाद तक स्टेशन तैयार, एयरपोर्ट जैसी सुविधा

Bullet Train Mumbai Ahmedabad High Speed Rail Corridor: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट पर साबरमती, अहमदाबाद, वडोदरा जैसे ऐसे स्टेशन बन रहे हैं, जहां एक ही जगह पर बुलेट ट्रेन से उतरकर साधारण ट्रेन, बस और मेट्रो मिल सकेगी.

बुलेट ट्रेन स्टेशन पर रेल और मेट्रो-बस एक छत के नीचे मिलेगी, मुंबई BKC, वडोदरा से साबरमती-अहमदाबाद तक स्टेशन तैयार, एयरपोर्ट जैसी सुविधा
Bullet Train Mumbai Ahmedabad High Speed Rail Corridor
NDTV
वडोदरा:

मुंबई से अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के कई स्टेशन ऐसे होंगे, जहां बुलेट ट्रेन के साथ भारतीय रेलवे की साधारण ट्रेन, बस और मेट्रो कनेक्टिविटी एक ही छत के नीचे मिलेगी.यानी बुलेट ट्रेन न केवल बड़े स्टेशनों में ठहराव देगी, बल्कि आखिरी मंजिल तक आपको कनेक्टिविटी भी देगी. मुंबई, सूरत, अहमदाबाद और साबरमती जैसे स्टेशन ऐसे ही होंगे. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट का वडोदरा स्टेशन भी एक मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी का प्लेटफॉर्म बनेगा.मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत गुजरात के वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन से यात्रियों को अपनी आखिरी मंजिल के लिए सीधी कनेक्टिविटी देगा. यात्री बुलेट ट्रेन से निकलकर एक्सप्रेस, मेल ट्रेनों में सवार हो सकेंगे या फिर ऐसी ट्रेनों से वडोदरा पहुंचकर बुलेट ट्रेन की सवारी कर सकेंगे. नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) इसकी तैयारी कर रहा है. 

वडोदरा रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर 7 बनेगा इंटरचेंज

वडोदरा रेलवे जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 7 एक इंटरचेंज का काम करेगा. इसे नजदीक बन रहे वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन से जोड़ा जाएगा.इस प्लेटफार्म से यात्रियों को आम ट्रेनों से बुलेट ट्रेन स्टेशन तक जाने के लिए बाहर नहीं निकलना पड़ेगा. न ही लंबी दूरी तय करनी होगी. वो स्काईवॉक और एस्केलेटर के सहारे दोनों के बीच आवाजाही कर सकेंगे. NHSRCL ने प्लेटफार्म नंबर 7 के लिए 15 करोड़ का टेंडर जारी किया है. इसे डेढ़ साल में पूरा किया जाएगा. पहले के डिजाइन वडोदरा जंक्शन के पुराने प्लेटफार्म नंबर 7 को हाई स्पीड रेल अलाइनमेंट की वजह से हटाना पड़ा था. इंजीनियर्स ने वडोदरा स्टेशन के अलाइनमेंट में दोबारा बदलाव किया है.नए डिजाइन से लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई है.

Vadodara Bullet Train Station

Bullet Train Mumbai Ahmedabad High Speed Rail Corridor

240 मीटर लंबा विशाल स्टील ब्रिज

वडोदरा शहर का नाम बरगद के पेड़ (वड) से धरोहर को सम्मान देने के लिए वडोदरा का नया बुलेट ट्रेन स्टेशन बरगद के पेड़ की थीम पर बन रहा है.स्टेशन के अंदर बिजनेस क्लास लाउंज, बच्चों की नर्सरी, रेस्टोरेंट और रोशनी के लिए छत पर स्काईलाइट होगी.वडोदरा यार्ड के ऊपर से बुलेट ट्रेन गुजारने के लिए रेलवे ट्रैक के ऊपर 240 मीटर लंबा विशाल स्टील ब्रिज बन रहा है. 

वडोदरा बुलेट ट्रेन स्टेशन में क्या खास है

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर 508 किलोमीटर लंबा है. इसमें कुल 12 स्टेशन होंगे. वडोदरा इस बुलेट का 9वां स्टेशन है. यह उन चुनिंदा स्टेशनों में है, जहां रैपिड ट्रेन यानी कम स्टॉपेज वाली सबसे तेज बुलेट ट्रेन भी रुकेगी. NHSRCL का कहना है कि वर्ल्डलेवल मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के लिए भारतीय रेलवे, मेट्रो और बुलेट ट्रेन के बीच यात्रियों की आवाजाही बिना रुकावट की जाएगी.

साबरमती रेलवे स्टेशन अहमदाबाद 

साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन मौजूदा साबरमती रेलवे स्टेशन के ठीक पास बना है. यहां एक ही जगह बुलेट ट्रेन, मेट्रो और भारतीय रेलवे की साधारण ट्रेनें मिलेंगी. बुलेट ट्रेन के साथ साबरमती भारत का पहला सबसे बड़ा मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH)है.यहां बुलेट ट्रेन स्टेशन,साबरमती रेलवे स्टेशन, अहमदाबाद मेट्रो स्टेशन और अंतरराज्यीय बस डिपो फुट ओवरब्रिज और स्काईवॉक से कनेक्ट होगा.यात्री बिना स्टेशन परिसर से बाहर निकले सीधे मेट्रो या ट्रेन से बुलेट ट्रेन में स्विच कर सकते हैं.

अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन 

अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन रेलवे के कालूपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 10, 11 और 12 के ठीक ऊपर बनाया जा रहा है. यहां 16 मंजिला मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बन रहा है.एस्केलेटर और लिफ्ट से कालूपुर मेट्रो स्टेशन यानी अहमदाबाद मेट्रो, रेलवे स्टेशन और सिटी बस अड्डा के बीच आवाजाही हो सकेगी. 

मुंबई का बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स

मुंबई (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स BKC) बुलेट ट्रेन स्टेशन मौजूदा रेलवे स्टेशन के ऊपर तो नहीं है, लेकिन मुंबई मेट्रो लाइन 2B और करीब के बांद्रा टर्मिनस के साथ मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी के तहत फुट स्काईवॉक और रोड से जोड़ा जा रहा है. BKC बुलेट ट्रेन टर्मिनल के साथ अंडरग्राउंड मेट्रो कनेक्टिविटी है.साथ ही बस स्टैंड भी नजदीक है. हालांकि लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए बांद्रा टर्मिनस और बांद्रा लोकल स्टेशन 5 से 7 किलोमीटर की दूर है.

ये भी पढ़ें - बुलेट ट्रेन: बेंगलुरु से मुंबई, हैदराबाद-चेन्नई को मिलेगी हाईस्पीड कनेक्टिविटी, मैसुरु, अमरावती तक 20 बड़े शहर जुड़ेंगे

ये भी पढ़ें - बुलेट ट्रेन के 3 नए रूट: मुंबई, हैदराबाद से चेन्नई-बेंगलुरु तक हाईस्पीड रेल कॉरिडोर, पुणे-ठाणे से अमरावती-तिरुपति तक 25 शहर जुड़ेंगे


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bullet Train, Mumbai-Ahmedabad Bullet Train, Vadodara Bullet Train Station, Mumbai Bullet Train Station, High Speed Rail Corridor
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com