- BMC ने 2026-27 के लिए बजट प्रस्तुत किया, जिसे महापौर रितू तावड़े ने मुंबई के विकास का रोडमैप बताया.
- बजट में सार्वजनिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, व्यवसाय सुगमता पर जोर दिया गया.
- महापौर ने बजट में QR कोड आधारित प्रमाणपत्र, स्वच्छता अभियान, प्रवेश द्वार, क्लॉक टॉवर शामिल कीं.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है. एक ओर विपक्ष ने बजट की आलोचना की है, वहीं मुंबई की महापौर रितू तावड़े ने इसे “मुंबई के रूप में देश के ग्रोथ इंजन को गति देने वाला” बजट बताया है.
महापौर ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि मुंबई के शाश्वत और वैश्विक दर्जे के विकास का रोडमैप है. वित्तीय वर्ष 2026-27 के ‘अ', ‘ब' और ‘ग' वर्ग के बजटीय अनुमान भूषण गगराणी (महानगरपालिका आयुक्त) ने स्थायी समिति की बैठक में अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे को प्रस्तुत किए. वहीं, शिक्षा विभाग का ‘ई' बजट अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त डॉ. अविनाश ढाकणे ने शिक्षा समिति अध्यक्ष राजेश्री शिरवडकर को सौंपा.
'ट्रिपल इंजन की रफ्तार से विकास'
महापौर रितू तावड़े ने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है. केंद्र सरकार, महाराष्ट्र सरकार और अब महानगरपालिका, इन तीनों के समन्वय से “ट्रिपल इंजन” की ताकत के साथ विकास को नई गति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि यह बजट 7 प्रमुख वचनों पर आधारित है
- वित्तीय अनुशासन
- पायाभूत सुविधाओं की सुनिश्चित पूर्ति
- सार्वजनिक स्वास्थ्य और शिक्षा में निवेश
- पर्यावरण संरक्षण
- प्रशासनिक दक्षता
- आपातकालीन तैयारियां
- व्यवसाय सुगमता और सामाजिक उपक्रम
- बुनियादी सुविधाओं से AI तक:
महापौर के अनुसार बजट में सड़क, फुटपाथ, पुल, जल आपूर्ति और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं से लेकर बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स तक व्यापक प्रावधान किए गए हैं. साथ ही आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे प्रशासनिक पारदर्शिता और कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके.
प्रमुख घोषणाएं क्या है?
- महापौर ने बताया कि बजट में उनकी सुझाई गई कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- अधिकृत फेरीवालों को QR कोड आधारित प्रमाणपत्र
- “मुंबई स्वच्छता संकल्प 365” — वर्षभर चलने वाला स्वच्छता अभियान
- मुंबई के चार प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार और क्लॉक टॉवर
- पर्यावरण संरक्षण के लिए दीर्घकालिक पहल
- शिक्षा बजट: विद्यार्थी-केंद्रित पहल
- शिक्षा विभाग के बजट को भी महापौर ने “विद्यार्थी-केंद्रित” बताया. प्रमुख योजनाएं इस प्रकार हैं:
- ‘मिशन सफल' जैसी नई शैक्षणिक पहल
- स्कूल भवनों का निर्माण, मरम्मत और उन्नयन
- अत्याधुनिक बैठक व्यवस्था
- 40 स्कूलों में खगोलशास्त्र प्रयोगशालाएं
- प्रायोगिक स्तर पर विज्ञान पार्क
- डिजिटल क्लासरूम और उन्नत विज्ञान प्रयोगशालाएं
- पुस्तकालयों का आधुनिकीकरण
- ‘जादुई पिटारा' उपक्रम
- स्कूलों में CCTV
- कक्षा 8 और 9 के छात्रों के लिए साइबर साक्षरता प्रशिक्षण
- छात्रों के लिए BEST बसों में मुफ्त यात्रा
- महापौर ने विश्वास जताया कि इन पहलों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलेगा.
BMC बजट को लेकर जहां विपक्ष ने वित्तीय प्रबंधन और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं, वहीं महापौर और सत्तारूढ़ पक्ष इसे मुंबई के दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव बता रहे हैं. अब नजर स्थायी समिति की चर्चाओं और संभावित संशोधनों पर रहेगी, जहां बजट के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तृत बहस होने की संभावना है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं