T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया रविवार को बहुत ही अहम मुकाबले में जिंबाब्वे (India vs Zimbabwe) से भिड़ने जा रही है. यूं तो टीम इंडिया का मुकाबला कहीं फिसड्डी देश से है, लेकिन हालात और जिंबाब्वे के प्रदर्शन ने भारत के लिए यह मुकाबला कहीं बड़ा बना दिया है क्योंकि सवाल सूर्यकुमार के धुरंधरों के लिए खुद के सेमीफाइनल में खेलने के आसारों को जिंदा रखने का है. और इसके लिए भारत को जिंबाब्वे के खिलाफ जीत ही नहीं, बल्कि बहुत कुछ हासिल करना होगा. और यह बहुत कछ NRR है, जिसने पहले सुपर-8 राउंड में दक्षिण अफ्रीका की भारत के खिलाफ 76 रन और फिर विंडीज की जिंबाब्वे पर 102 रन से जीत ने भारत की अंतिम चार की राह को बहुत ही ज्यादा मुश्किल बना दिया है. बात यह है कि भारत को ग्रुप-1 में नंबर-2 टीम बनने या दक्षिण अफ्रीका के नजदीक आने के लिए NRR के मामले में ज्यादा से ज्यादा हासिल करने के लिए बहुत कुछ करना होगा. हम आपको दो उदाहरणों से समझाते हैं कि भारत को यहां से जीत से अलग +1 या आधा 0.50 NRR हासिल करने के लिए क्या करना होगा. वास्तव में सच यह है कि आधा भी हासिल करना बहुत ही ज्यादा मुश्किल दिखाई पड़ रहा है.

दक्षिण अफ्रीका को पछाड़ना असंभव
नंबर-1 पर काबिज विंडीज (+5.350) को एक बार को छोड़ देते हैं, लेकिन वर्तमान में जो हालात हैं, उसके हिसाब से टीम इंडिया के लिए दक्षिण अफ्रीका से आधा यानी 1.90 नेट रन-रेट भी हासिल करना असंभव सरीखा है. बहरहाल, आप गणित समझिए कि अगर भारत को वीरवार को जिंबाब्वे के खिलाफ जीत से अलग 1.000 या 0.500 (आधा) NRR भी हासिल करना है, तो भारत को पहले बैटिंग या बाद में लक्ष्य का पीछा करने की सूरत में क्या करना होगा?
----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
अगर हासिल करना है 1.000 NRR:-
पहले बैटिंग करने की सूरत में
फिलहाल जो हालात हैं, उसके अनुसार टीम इंडिया के लिए यह आंकड़ा छूना भी असंभव है. वजह यह है कि इसके लिए भारत को रनों के लिहाज से 116 रनों के अंतर से जीत हासिल करनी होगी. उदाहरण के तौर पर अगर भारत पहले बैटिंग करते हुए 180 रन बनाता है, तो उसे जिंबाब्वे को 64 पर समेटना होगा. वहीं, अगर 200 रन बनाता है, तो 84 पर ढेर करना होगा. 1.000 रन-रेट हासिल करने के लिए 116 रन का अंतर रखना होगा.
अगर भारत ने की बाद में बैटिंग
इसे आप ऐसे समझें कि अगर जिंबाब्वे 100 रन बनाता है, तो भारत को यह लक्ष्य 7.4 ओवरों में हासिल करना होगा. और अगर 120 रन बनाता है, तो 8.9 ओवर और अगर जिंबाब्वे 151 का लक्ष्य देता है, तो यह भारत को 11.2 ओवरों यानी करीब 68 गेंदों पर हासिल करना होगा.
अगर हासिल करना है 0.500 NRR:-
अगर भारत को जिंबाब्वे के खिलाफ जीत के साथ ही यहां से आधा यानी 0.500 NRR हासिल करना है, तो उसे इसके लिए करीब 96 रन से जीत हासिल करनी होगी.
अगर भारत ने की पहले बैटिंग
अगर चेन्नई में टीम इंडिया वीरवार को पहले बैटिंग करती है. और उदाहरण के तौर पर वह 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाती है, तो उसे "आधा" NRR हासिल करने के लिए जिंबाब्वे का बोरिया-बिस्तर 84 रन पर समेटना होगा.
अगर भारत ने की पहली गेंदबाजी
अगर भारत ने बाद में लक्ष्य का पीछा किया और जिंबाब्वे ने भारत को 121 का लक्ष्य दिया, तो टीम इंडिया को "आधे NRR" के लिए यह लक्ष्य 9.6 ओवरों (करीब 58 गेंद) में हासिल करना होगा. और अगर जिंबाब्वे भारत को 151 का लक्ष्य देता है, तो भारत को 0.500 NRR हासिल करने के लिए यह लक्ष्य 12.2 ओवरों में हासिल करना होगा. यानी 11.92 रन प्रति ओवर की दर से. इसीलिए हम कह रहे हैं कि जिंबाब्वे के खिलाफ "आधा NRR" हासिल करना भी धुरंधरों के लिए मुश्किल है.
यह भी पढ़ें: IND vs ZIM, T20 World Cup: संजू सैमसन -अक्षर पटेल की वापसी, क्या अभिषेक होंगे बाहर? प्लेइंग XI को लेकर आया ये अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं