- PM मोदी के जन्मदिन और 25 वर्षों के जनसेवा के कार्यकाल का जश्न मनाने के लिए विशेष यात्रा योजना बनाई है
- 17 सितंबर से शुरू होकर एक महीने तक वडनगर से वाराणसी के बीच यात्राएं निकाली जाएंगी
- यात्रा के दौरान केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों की योजनाओं का प्रचार एवं जनता से संवाद किया जाएगा
भाजपा ने पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल का जश्न मनाने के लिए बड़ी तैयारी की है. इसके लिए पार्टी की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर से उनके चुनाव क्षेत्र वाराणसी तक एक यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा की शुरुआत 17 सितंबर से हो सकती है. इस दौरान पार्टी यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि कैसे नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जनहित की योजनाएं तैयार की गईं. उनके मुख्यमंत्री रहने और फिर पीएम बनने तक के कार्यकाल में क्या-क्या काम किए गए. इनके बारे में जनता को अवगत कराया जाएगा. खासतौर पर केंद्र सरकार के कामों का भी प्रचार होगा.
सूत्रों का कहना है कि कुल 10 टीमें वडनगर और वाराणसी से यात्रा पर निकलेंगी. वाराणसी से निकलने वाली टीमें अलग-अलग राज्यों में जाएंगी और उसके बाद एक महीने के अंदर वडनगर पहुंचेंगी. वहीं वडनगर से निकलने वाली यात्रा भी अलग-अलग हिस्सों से गुजरते हुए वाराणसी आएगी. इस तरह दोनों यात्राएं 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेंगी. जानकारी के मुताबिक टीम एक दिन में करीब 100 किलोमीटर की यात्रा करेगी. हर काफिले में बाइक सवार होंगे. इसके अलावा बसें भी शामिल रहेंगी. इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर संपर्क साधने का प्रयास करेंगे.
उनकी कोशिश होगी कि शहर-शहर में पार्टी की नीतियों को बताया जाए. इसके अलावा कार्यकर्ताओं का उत्साह भी इसके जरिए बढ़ाया जाए. इन यात्राओं के दौरान केंद्र की मोदी सरकार के कामों के अलावा भाजपा शासित राज्यों में हुए कामों का भी प्रचार किया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि हर काफिले में 10 से ज्यादा बाइकर होंगे और तमाम कार्यकर्ता रहेंगे. इन टीमों को अलग-अलग कस्बों, गांवों और जिला केंद्रों से निकाला जाएगा. इस यात्रा की खास बात यह है कि हर दिन लोगों से संपर्क किया जाएगा. स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम होंगे. नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी.
हर दिन होंगे 4 आयोजन, 100 किलोमीटर की यात्रा के बाद आराम
हर दिन करीब 4 आयोजन किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता जुटेंगे. इसके अलावा यात्रा में वाराणसी और वडनगर से निकले लोग तो शामिल ही रहेंगे. हर दिन 100 किलोमीटर की यात्रा के बाद निश्चित स्थानों पर यात्रा में शामिल लोग ठहरेंगे. भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी संगठन में नई जान फूंकने के लिए भी यह यात्रा निकाली जा रही है. पूरे एक महीने तक भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर काम करेंगे और लोगों से संपर्क करेंगे. भाजपा ने एक रणनीति के तहत ही वडनगर और वाराणसी को यात्रा के लिए चुनाव है. पीएम नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर है तो वहीं वाराणसी से वह सांसद हैं. 2014 से ही यह शहर उनका गढ़ बना हुआ है. इस तरह संगठन को वडनगर से वाराणसी तक मजबूत करने की कोशिश है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं