विज्ञापन

'14 पार्टियों से हाथ जोड़कर भीख मांग रहे हैं...', राहुल गांधी को लेकर NDTV से क्या-क्या बोलीं स्मृति ईरानी?

बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने NDTV को दिए इंटरव्यू में राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. स्मृति ने कहा कि राहुल गांधी आरोप लगाते हैं, लेकिन सबूत नहीं देते.

नई दिल्ली:

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी इस मामले पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच बीजेपी की महासचिव स्मृति ईरानी ने NDTV से खास बात की और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बाहर सुप्रीम कोर्ट को गाली बकते हैं और अंदर जाकर माफी मांगते हैं. चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं लेकिन सबूत हैं नहीं.

चुनाव आयोग पर राहुल गांधी और विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर स्मृति ईरानी ने NDTV से कहा, 'तीनों आयुक्तों ने लिखित में जवाब दिया है. उन्होंने आग्रह भी किया था कि प्रमाण लाकर दीजिए, हम एक्शन लेंगे. लेकिन प्रमाण दिया ही नहीं गया. राहुल गांधी से भी जब सबूत मांगे गए तो उन्होंने कहा कि कोई प्रूफ नहीं है.'

उन्होंने विपक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई याचिका में खामियां आने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि क्या यह संभव है कि इतने उत्कृष्ट वकील गलत पिटीशन फाइल करें. तो क्या जानबूझकर उसमें खामियां थीं या उनकी मंशा ही नहीं थी प्रॉपर पिटीशन फाइल करने की, क्योंकि कोर्ट आपसे प्रूफ मांगेगा.

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि 'राहुल गांधी चाहते हैं कि लोकतंत्र भीड़तंत्र में बदल जाए, जो संभव नहीं है.'

क्या 2029 का मोमेंटम सेट हो गया?

विपक्ष जिस तरह से हमलावर है, उससे लग रहा है कि 2029 का मोमेंटम सेट हो गया? स्मृति ईरानी ने इसे सिरे से खारिज कर दिया.

स्मृति ईरानी ने कहा, 'कहां मोमेंटम बना है. अगर उनको 14 राजनीतिक दलों से हाथ जोड़कर भीख मांगनी पड़े तो कहां मोमेंटम बना है. अगर उन्हें दूसरे राजनीतिक दलों के युवाओं को अपने साथ सम्मिलित करने के लिए बार-बार प्रयास करना पड़ा है तो कहां उनका मोमेंटम बना है?' 

उन्होंने कहा, 'इस देश का साधारण नागरिक उसके साथ भीड़ का हिस्सा बनेगा जो पुलिस को धक्का मारता है और भारतीय सेना को गाली देता है. कहता है कोई प्रमाण नहीं है. और फिर जाकर कहता है कि हमें सत्ता से लोगों को उखाड़ फेंकना है और हमारा एक ही लक्ष्य है- रिजीम चेंज. आप साधारण हिंदुस्तानी को इतना कम आंकते हैं क्या?'

स्मृति ईरानी ने यह भी दावा किया कि उनके नेता फोन करके अपने ही कार्यकर्ताओं को धमका रहे हैं कि राहुल जी ने कहा है कि भीड़ लेकर आओ.

यह भी पढ़ेंः 'हम रिजीम चेंज चाहते हैं', प्रशांत भूषण के बयान पर BJP बोली- 'अपना नेता बदल नहीं सकते, चले हैं सत्ता बदलने'

स्मृति ने याद दिलाया 2025 का बयान

NDTV से बातचीत में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी का 2025 का वह बयान भी याद दिलाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि हम इंडियन स्टेट से भी लड़ रहे हैं.

स्मृति ने कहा, '2025 में राहुल गांधी ने साफ कहा था कि वह बीजेपी पर आक्रमण नहीं करेंगे, भारत पर आक्रमण करेंगे. भारत में लोकतांत्रिक ढांचा को संरक्षित चुनाव आयोग करता है. हमारे यहां पर संवैधानिक संतुलन बना रहे, इसे सुप्रीम कोर्ट सुनिश्चित करता है. तब से वो बार-बार किसका अपमान कर रहे हैं?'

उन्होंने कहा, 'बाहर सुप्रीम कोर्ट को गाली बकते हैं और अंदर जाकर माफी मांगते हैं. चुनाव आयोग को गाली बकते हैं, जब सबूत मांगे जाते हैं तो कहते हैं सबूत नहीं हैं.'

उन्होंने कहा, 'और जिनके साथ आज घूम रहे हैं, वो जब दिल्ली पुलिस के ऑफिसर्स को मारते हैं तो वो कुछ नहीं कहते, वो खुद शामिल होते हैं. कोई भी राजनीतिक दल का नेता, क्या उसे महिला पुलिस को मारना चाहिए, जैसे राहुल जी ने मारा. क्या किसी भी पुलिस ऑफिसर पर हाथ उठाना चाहिए. वो अपनी ड्यूटी कर रहा है.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Smriti Irani, Smriti Irani On Rahul Gandhi, Rahul Gandhi, BJP Vs Congres, Congress Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com