कर्नाटक में डीके शिवकुमार की सरकार का कैबिनेट विस्तार हो गया है. कुल 20 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है. कांग्रेस सरकार ने कैबिनेट विस्तार में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने का प्रयास किया है, फिर भी बगावत की स्थिति है. दो विधायकों ने इस्तीफा दिया है और कुछ लोग और ऐसे हैं, जो ऐसी ही धमकी दे रहे हैं. इस पर डीके शिवकुमार ने नरमी की बजाय सख्त रुख अपना लिया है. उनका कहना है कि पार्टी सबसे महत्वपूर्ण है. फिर भी यदि कोई इस्तीफा देता है तो हम उसे कुछ मिनटों में ही स्वीकार कर लेंगे. फिर भी मेरी यही सलाह है कि परेशान न हों और पार्टी के लिए काम करते रहें.
डीके शिवकुमार ने विधायकों को वफादारी दिखाने की नसीहत देते हुए कहा कि आप लोगों को धीरज रखना चाहिए. भविष्य में आपको भी अवसर मिलेगा. डीके शिवकुमार ने कहा कि अभी राज्य सरकार द्वारा संचालित बोर्डों और कई निगमों में पद खाली हैं. इन्हें जल्दी ही भरा जाएगा तो सभी को मौका मिलेगा. डीके शिवकुमार ने कहा, 'मुझे जो कुछ कहना था, वह मैंने कहा. राजनीति में इस्तीफे होते रहते हैं. इस्तीफा देने वालों को तो कोई रोक नहीं सकता. यदि वह पार्टी में रहना चाहते हैं और उसका साथ अपना भविष्य देखते हैं तो यह समझना होगा कि पार्टी सबसे अहम है. यदि पार्टी मजबूत होगी, तभी हम सबको फायदा होगा और कुछ मिल पाएगा.'
बता दें कि कैबिनेट में जगह न मिलने के कारण दो विधायकों ने इस्तीफा दिया है. इनमें विजयपुरा जिले की इंडी सीट से विधायक यशवंतरायगौड़ा वी पाटिल और शिवमोग्गा जिले की सागर सीट से विधायक बेलूर गोपालकृष्ण शामिल हैं. इसके बाद डीके शिवकुमार ने अपना ही उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि मुझे भी धर्म सिंह और सिद्धारमैया के सीएम कार्यकाल में मंत्री पद नहीं मिला था. ऐसी स्थिति में तो मुझे और जी. परमेश्वर को इस्तीफा दे देना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. हमने धीरज ही बनाकर रखा.
मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ने कहा इसके अलावा जब वीरेंद्र पाटिल सीएम थे तो खरगे, धर्म सिंह समेत कई नेता मंत्री नहीं बने थे. फिर क्या भविष्य में इन लोगों को कुछ नहीं मिला. इसलिए धीरज बनाए रखना चाहिए, समय के साथ सब कुछ मिलता हे. शिवकुमार ने कहा कि यही सच्चाई है. इसे समझना होगा. इसके बाद भी यदि कुछ लोग इस्तीफा देते हैं तो उनका स्वागत है और हम कुछ मिनटों के अंदर ही उनके इस्तीफों को स्वीकार करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं