विज्ञापन
This Article is From Feb 28, 2026

असम में जीत की हैट्रिक के लिए बीजेपी का 'महाप्लान'.. सियासी समर में उतरेंगे कई दिग्गज

असम विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी आज से राज्य में जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कर रही है. इस यात्रा के जरिए बीजेपी असम की हर एक विधानसभा तक जाएगी.

असम में जीत की हैट्रिक के लिए बीजेपी का 'महाप्लान'.. सियासी समर में उतरेंगे कई दिग्गज
  • भाजपा असम में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आज से जन आशीर्वाद यात्रा शुरू कर रही है
  • यह यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी और बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर केंद्रित होगी
  • यात्रा के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जनसभाएं, रोड शो और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) असम में 28 फरवरी से ‘जन आशीर्वाद यात्रा' की शुरुआत करने जा रही है. यह व्यापक जनसंपर्क अभियान राज्य की सभी विधानसभा सीटों को कवर करेगा. यात्रा का उद्देश्य बूथ स्तर तक पार्टी की पकड़ मजबूत करना, जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और केंद्र तथा राज्य सरकार की विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना है.

भाजपा इस यात्रा के माध्यम से बुनियादी ढांचे के विकास, आर्थिक प्रगति, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, रोजगार, निवेश और सुशासन से जुड़े कार्यों को जनता के सामने रखेगी. यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं, रोड शो और सामुदायिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. पार्टी इसे चुनाव से पहले जनविश्वास बढ़ाने और राजनीतिक माहौल बनाने की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल मान रही है.

यात्रा का पहला चरण 28 फरवरी से शुरू होकर 9 मार्च तक चलेगा (3 और 4 मार्च को होली के कारण कार्यक्रम नहीं होगा). अलग-अलग क्षेत्रों के लिए वरिष्ठ मंत्रियों और नेताओं को प्रभारी बनाया गया है.

क्या है यात्रा का शेड्यूल?

  • यात्रा की शुरुआत 28 फरवरी 2026 को डेकियाजुली के गुप्तेश्वर मंदिर से होगी, जहां से यह बरचला, तेजपुर, नादुआर और रंगापाड़ा (बालिपाड़ा) क्षेत्रों तक जाएगी. इस चरण के प्रभारी मंत्री अशोक सिंघल के साथ अभिजीत नाथ और जूरी शर्मा बोरदोलोई होंगे.
  • इसके बाद 1 मार्च को यात्रा जगिरोड, मोरीगांव, राहा, नगांव और बहारामपुर क्षेत्रों में पहुंचेगी, जिसकी जिम्मेदारी मंत्री पियूष हजारिका, विधायक दिप्लुरंजन शर्मा और नबारुण बुरागोहाइन संभालेंगे.
  • 2 मार्च को कार्यक्रम गोहपुर, बिहपुरिया, रंगनादी और नोबोइचा में आयोजित होगा, जहां मंत्री अशोक सिंघल के साथ पल्लब लोचन दास और अशोक भट्टाराई प्रभारी रहेंगे.
  • होली के अवकाश के बाद यात्रा 5 मार्च को धेमाजी, सिसिबोरगांव और जोनाई में आयोजित की जाएगी, जिसकी कमान मंत्री डॉ. रणोज पेगू, सांसद प्रदान बरुआ और बितुपन डोले के हाथों में होगी.
  • 6 मार्च को यात्रा खोवांग, तिंगखोंग, नाहरकटिया और डुलियाजन पहुंचेगी, जहां मंत्री अशोक सिंघल और बिमल बोरा के साथ ऋतुपर्णा बरुआ और लख्या कोंवर जिम्मेदारी निभाएंगे.
  • 7 मार्च को कार्यक्रम सरुपाथार (बोरपाथार), गोलाघाट, खुमताई और डेरगांव में होगा, जिसकी निगरानी मंत्री अजयन्ता नेओग, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा और सिधांकु अंकुर बरुआ करेंगे.
  • इसके बाद 8 मार्च को यात्रा मरघेरिटा, डिगबोई, माकुम और तिनसुकिया क्षेत्रों में पहुंचेगी, जहां मंत्री रुपेश गोवाला के साथ पुलक गोहैन और महेश देवरी प्रभारी रहेंगे.
  • यात्रा के अंतिम चरण में 9 मार्च को सोरभोग, बजाली, तिहू, नलबाड़ी और रंगिया में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी मंत्री रंजीत कुमार दास और जयंता मल्लाबरुआ के साथ मनुज बरुआ और रतुल शर्मा संभालेंगे.

असम सरकार में कैबिनेट मंत्री अशोक सिंघल ने बताया कि एक लाख से ज्यादा लोग एकत्रित होंगे. उन्होंने कहा, 'सोनितपुर जिले के ढेकियाझूली से शुरू होने वाले ये ही आसरा ऐतिहासिक होने वाली है. मुख्यमंत्री हेमंत बिस्व शर्मा जनता के बीच में जाकर जनता से आशीर्वाद लेंगे. युवा और बच्चे उन्हें प्यार से मामा कहते हैं. ये एक अभूतपूर्व यात्रा होने वाली है जिसकी शुरुआत यहां से हो रही है और लाखों लोग इसमें सम्मिलित होगे.'

प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि संगठन से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक हर स्तर पर व्यापक तैयारी चल रही है. पार्टी का लक्ष्य राज्य में तीसरी बार भाजपा के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के मजबूत प्रशासन में पिछले वर्षों में राज्य में विकास, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम हुए हैं.

गांव-गांव तक पहुंच बनाने की रणनीति

भाजपा का उद्देश्य केवल बड़ी सभाएं करना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति तक पहुंच बनाना है. यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री आम लोगों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनसे आशीर्वाद लेंगे. पार्टी इसे आगामी चुनाव से पहले जनता के साथ विश्वास और संवाद मजबूत करने का बड़ा अभियान मान रही है.

जमीनी स्तर पर मजबूती की कोशिश

भाजपा का मानना है कि जन आशीर्वाद यात्रा, समुदाय संपर्क अभियान और युवा कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन की जमीनी पकड़ और मजबूत होगी. पार्टी विकास के मुद्दों और व्यापक जनसंपर्क के सहारे आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है.

यह भी पढ़ें: बंगाल में 'परिवर्तन' के लिए BJP झोंकेगी ताकत, मालदा से हावड़ा-हुगली तक महा रैली, शाह, नड्डा जैसे दिग्गज उतरेंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Election, Assam Election 2026, Assam Assembly Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com