राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. एक पार्क के अंदर पुलिसकर्मी बनकर आए तीन लोगों ने कथित तौर पर 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप किया. यह भयानक घटना सोमवार शाम साउथ दिल्ली में कालकाजी मंदिर इलाके में हुई. शिकायत के मुताबिक, लड़की सोमवार शाम करीब 7 बजे अपने 17 साल के पुरुष दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर गई थी. पूजा-अर्चना के बाद, वे दोनों करीब 7:30 बजे मंदिर के पास एक पार्क में गए, जहां 25 से 30 साल की उम्र के तीन आरोपियों ने कथित तौर पर उनके पास आकर खुद को पुलिसकर्मी बताया और इसके बाद अपराध को अंजाम दिया.
पार्क में रहती है चहल-पहल...
यह वारदात कालकाजी मंदिर इलाके में स्थित आस्था कुंज पार्क की है. ये ऐसा पार्क नहीं है, सुनसान रहता हो. यहां पर सुबह-शाम काफी चहल-पहल देखने को मिलती है. यह पार्क करीब ढाई एकड़ पार्क में फैला हुआ है.
यह दिल्ली के लॉ एंड ऑर्डर पर एक बड़ा सवाल है. बीते हफ्ते भी कुछ माइनर लड़कियों के साथ रेप हुआ था. अब कालकाजी जैसे इलाके में इस तरह की घटना सामने आई है. फिलहाल, दिल्ली पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है और बाकी के आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: जमुई छेड़छाड़ केस : नाबालिग पीड़िता की पहचान वायरल करने वालों पर FIR, 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने दोनों को धमकाया और लड़की के साथ रेप किया. उन्होंने बताया कि रात 8:45 बजे कालकाजी मंदिर और इस्कॉन मंदिर को जोड़ने वाले पार्क में कथित रेप के बारे में एक PCR कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस ने बताया कि दिल्ली की रहने वाली लड़की को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया और उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक, जिसकी पहचान आसिफ के तौर पर हुई है, उसे बाद में एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार किया गया. बाकी दो अपराधियों की तलाश जारी है.
पुलिस ने बताया कि कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 'बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण' (POCSO) अधिनियम की धाराएं भी शामिल हैं. बाकी दो आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं