रोहतास जिले के सासाराम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीन विवाद में पति की बेरहमी से हत्या के बाद उसकी पत्नी ने मानसिक तनाव में आकर 2 मासूम बच्चों के साथ जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. यह घटना पूरे इलाके को झकझोर कर रख देने वाली है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और तीनों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
घर में तीनों अचेत अवस्था में मिले
मृतक हसन राजा की पत्नी रेशमा खातून ने सोमवार रात अपने घर का दरवाजा बंद कर लिया. अपने दो बच्चों तैयबा खातून और हमजद के साथ जहर खा लिया. काफी देर तक जब घर के अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो परिजनों को शक हुआ. दरवाजा खोलने पर तीनों अचेत अवस्था में पड़े मिले. परिजनों ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया.
24 मार्च को पति की निर्मम हत्या
24 मार्च को सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुरादाबाद गांव में जमीन विवाद को लेकर रेशमा खातून के पति हसन राजा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. इसका वीडियो भी सामने आया था. वीडियो में हमलावरों ने हसन राजा को लाठी-डंडों से पीटते और रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए देखा गया था. इस दर्दनाक घटना के बाद से ही रेशमा खातून गहरे सदमे में थी, और किसी से बातचीत नहीं कर रही थी.
मानसिक तनाव बड़ी वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति की हत्या के बाद रेशमा पूरी तरह से टूट चुकी थी. परिवार पर अचानक आई इस विपत्ति ने उसे मानसिक रूप से कमजोर कर दिया था. लगातार सदमे और भय के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. इस घटना ने यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि गंभीर घटनाओं के बाद पीड़ित परिवारों को मानसिक सहयोग और सुरक्षा क्यों नहीं मिल पाती.
ग्रामीणों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि हत्या के आरोपियों के खिलाफ समय पर सख्त कार्रवाई की जाती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी. लोगों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है.
दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, हत्या के मामले में पहले ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस नए घटनाक्रम के बाद पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुट गई है.
इलाके में मातम और चिंता
घटना ने न सिर्फ एक परिवार को बर्बाद कर दिया, बल्कि पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. एक तरफ जहां पति की निर्मम हत्या का दर्द ताजा था. अब पत्नी और बच्चों के इस कदम ने लोगों को अंदर तक झकझोर दिया है. फिलहाल सभी की निगाहें अस्पताल पर टिकी हैं, जहां तीनों जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: राजस्थान हाईकोर्ट ने महाभारत का हवाला देकर एयरफोर्स अफसर का ट्रांसफर किया रद्द, स्क्वाड्रन लीडर को राहत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं