- मराठाहल्ली में गणेश उत्सव के दौरान जर्जर स्ट्रीटलाइट का खंभा गिरने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए.
- हादसे में एक नेपाल निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक अस्पताल में भर्ती है.
- घटना के समय दोनों युवक सड़क किनारे कार्यक्रम देख रहे थे, खंभा अचानक फुटपाथ पर गिरा.
बेंगलुरु के मराठाहल्ली इलाके में गणेश उत्सव के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने जश्न के माहौल को मातम में बदल दिया. संजय नगर की मुख्य सड़क पर आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. इसी दौरान सड़क किनारे लगा एक जंग खाया और जर्जर स्ट्रीटलाइट का खंभा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा. हादसे की चपेट में दो युवक आ गए. इनमें से एक युवक, जो नेपाल का रहने वाला बताया जा रहा है, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक युवक सड़क किनारे खड़ा होकर कार्यक्रम का आनंद ले रहा था, जबकि दूसरा युवक अपनी मोटरसाइकिल के साथ पास में मौजूद था. तभी फुटपाथ पर लगा स्ट्रीटलाइट का खंभा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गया. यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खंभा लंबे समय से जंग लगा हुआ था और उसकी हालत बेहद खराब थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने इसकी मरम्मत या बदलाव के लिए कोई कदम नहीं उठाया. हादसे के बाद GBA के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. वहीं, मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और यह जांच की जा रही है कि खंभे के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं. स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें : सपा ने MLC चुनाव में बदल दिए दो कैंडिडेट, कमलेश यादव की जगह डॉ. संजय त्रिपाठी को मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं