विज्ञापन

मोदी के लिए 'चॉकलेट का इंडिया गेट' ला रहे थे बेल्जियम के पीएम, रास्ते में हुआ खराब, अब दूसरा भिजवाएंगे

बेल्जियम के प्रधानमंत्री गुरुवार को भारत के आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे. पिछले साल फरवरी में कामकाज संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है.

  • बेल्जियम के PM बार्ट डी वेवर ने PM मोदी के लिए चॉकलेट से इंडिया गेट का मॉडल बनाया था जो खराब हो गया था.
  • मोदी और बार्ट डी वेवर ने दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता में संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई.
  • दोनों देशों ने रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, अपराध नियंत्रण और राजनयिक प्रशिक्षण में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए.
नई दिल्ली:

भारत और बेल्जियम के रिश्तों में मिठास घोलने के लिए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए चॉकलेट से इंडिया गेट का एक खास मॉडल तैयार करवाया था. हालांकि, भारत लाने के दौरान यह अनोखा उपहार खराब हो गया. इस पर बार्ट डी वेवर ने बताया कि इंडिया गेट का एक और मॉडल बेल्जियम में सुरक्षित रखा गया है और वह उसे जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे.

आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके बेल्जियम समकक्ष बार्ट डी वेवर ने गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों के पूरे आयाम की समीक्षा की. इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और बेल्जियम के बीच साझेदारी को गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की. इसके साथ ही दोनों पक्षों के बीच आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई.

कांसुलर डायलॉग स्थापित करने पर सहमत

पीएम मोदी और पीएम बार्ट डी वेवर ने दोनों देशों के बीच रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, अपराध से लड़ने और राजनयिक प्रशिक्षण स्थापित करने के क्षेत्र में समझौता ज्ञापन के आदान-प्रदान को देखा. विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्ष अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने, एक बिजनेस फोरम, एक निवेश फोरम और एक कांसुलर डायलॉग स्थापित करने पर सहमत हुए.

दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक के दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, पीएम के प्रधान सचिव पीके मिश्रा, विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे. इसके बाद बेल्जियम के प्रधानमंत्री वेवर भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) के बारे में भारतीय उद्योग परिसंघ (कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री/सीआईआई) के एक व्यवसायिक कार्यक्रम में अपना संबोधन भी देंगे.

नई दिल्ली के बाद, बार्ट डी वेवर शुक्रवार को मुंबई जाएंगे, जहां वे डायमंड, पोर्ट्स और लॉजिस्टिक्स सेक्टर के स्टेकहोल्डर्स समेत अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स से बात करेंगे. बेल्जियम के प्रधानमंत्री गुरुवार को भारत के आधिकारिक दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे. पिछले साल फरवरी में कामकाज संभालने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है. यह दो दशकों में बेल्जियम के किसी प्रधानमंत्री का पहला भारत दौरा भी है, जो भारत-बेल्जियम संबंधों में एक अहम नए दौर की शुरुआत है.

ये भी पढ़ें : बेहद खतरनाक हो सकता है अल नीनो, भारत समेत दुनियाभर में बाढ़, सूखा और हीटवेव का अलर्ट, UN की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, India Belgium Relations
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com