- कुंडा की राम कथा में बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 21 नवंबर को बांके बिहारी मंदिर जाएंगे
- बाबा ने कहा- मथुरा जाने का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि सनातन धर्म को संगठित करना है
- धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कथा का मकसद जाति और भेदभाव को मिटाकर सभी सनातनियों को एकजुट करना है
कुंडा की राम कथा से एक ऐसा ऐलान हुआ है, जिसने पूरे ब्रजमंडल से लेकर यूपी की सियासत तक हलचल मचा दी है. कथा के दूसरे दिन बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मंच से ही कह दिया- 21 नवंबर को हम बांके बिहारी के दर्शन करने जा रहे हैं. बस, क्या था... पंडाल में बैठी भीड़ ने तालियों और जयकारों से पूरा महल गूंजा दिया. हालांकि, बागेश्वर बाबा ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने के पीछे उनका मकसद किसी राजनीतिक पार्टी को लाभ दिलाना नहीं है.
धीरेंद्र शास्त्री ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा, "कृष्ण लला आएंगे, माखन मिश्री खाएंगे." ये सिर्फ एक वाक्य नहीं था, ये एक इशारा था. इशारा उस संकल्प का, जो अब मथुरा की गलियों से उठकर देशभर में गूंजने वाला है. धीरेंद्र शास्त्री ने साफ कहा, "यादव में हम माधव को देखते हैं, माधव में यादव को देखते हैं. हमारे लिए न कोई जाति है, न कोई पात है, न कोई भेदभाव है. कथा का ध्येय ही यही है कि सब एक हों. हम बांके बिहारी जाकर ठाकुर जी के दर्शन करेंगे और वहीं से प्रण लेंगे कि मथुरा में औरंगजेब की निशानी का जो कलंक है, वो मिट जाए. हमारे कृष्ण कन्हैया भव्य रूप में, दिव्य रूप में वहां विराजमान हो जाएं."
कथा चुनाव के लिए नहीं, सनातन के लिए
कुंडा की कथा को लोग चुनावी कथा बता रहे हैं, इस पर बाबा बागेश्वर ने हंसते हुए जवाब दिया. बागेश्वर बाबा बोले, "हम अपना काम करने निकले हैं, लोग अपना काम कर रहे हैं. कथा तो हमारी पांचों साल चलती है. अभी चुनाव का साल है, तो लोग इसे चुनाव से जोड़ेंगे ही. लेकिन हम साफ कह देते हैं, हम राम कथा चुनाव के लिए नहीं करते, हम कथा सनातन के लिए करते हैं. किसी को फायदा होता है, तो वो उसका ध्येय है. हमारा सिद्धांत बिल्कुल क्लियर कट है, सनातनियों को एकजुट करना. संविधान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 25 और 26 के अनुसार सबको अपने धर्म और परंपरा के प्रचार का पूरा हक है, कथा कहीं नहीं रोकी जा सकती. अगर कथा रोकी जाएगी, तो फिर नमाज क्यों नहीं, चर्च की प्रार्थना क्यों नहीं? ये सब सिर्फ बातें हैं. कहने वाले कहते रहते हैं, चलने वाले चलते रहते हैं. आज हिंदू जाग रहा है, सनातनी जान रहा है.
जिनको भारत में डर लगता है, उन्हें सोचना चाहिए
बाबा बागेश्वर ने इस दौरान एक और बड़ा बयान दिया, जो सुर्खियों में आ गया. उन्होंने कहा, "कुछ लोग ऐसे रह गए हैं, जिन्हें भारत में डर लगता है. इतना सुरक्षित देश, इतनी मजबूत सेना, इतना सशक्त नेतृत्व, फिर भी डर लगता है? तो ऐसे लोगों के लिए पूर्ण विभाजन की ही जरूरत है. पाकिस्तान में जो हिंदू हैं, जो भारत आना चाहते हैं, उन्हें आना चाहिए. जो आ गए हैं, उन्हें नागरिकता मिलनी चाहिए. आज ही यहां 500 परिवार आए हैं. ये हमारा मत है, अगर देश चाहे तो ये हो जाना चाहिए."
ये भी पढ़ें:- धीरेंद्र शास्त्री को घेरते हुए अखिलेश ने ट्वीट किया चार साल पुराना वीडियो, क्यों कहा था- भगवान राम के 5 पिता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं