विज्ञापन

आजम खान अभी बाहर ही रहेंगे... दोबारा जेल भेजने की ईडी की कोशिशों को सुप्रीम कोर्ट से झटका

सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका खारिज कर दी है. जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत बरकरार रहेगी.

आजम खान अभी बाहर ही रहेंगे... दोबारा जेल भेजने की ईडी की कोशिशों को सुप्रीम कोर्ट से झटका
आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत.
Photo: IANS

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ दायर ईडी की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को खारिज कर दिया. यह मामला 'मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी' से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है. गुरुवार को अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को मिली अंतरिम जमानत भी बरकरार रखी है.
जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की बेंच ने गुरुवार को सुनवाई करते हुए आजम खान के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश में दखल देने से इनकार कर दिया.

बेंच ने अपने आदेश में कहा, "यह एक अंतरिम आदेश है, इसलिए हम इसमें दखल नहीं देना चाहते. अंतरिम जमानत देते वक्त इलाहाबाद हाईकोर्ट ने ईडी को लेकर शुरुआती राय का मामले के अंतिम फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा."

केंद्रीय एजेंसी ईडी की ओर से कोर्ट में पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने दलील देते हुए कहा कि हाईकोर्ट ने आजम खान को गिरफ्तारी के आधार बताए जाने से जुड़े तथ्यों को गलत तरीके से दर्ज किया है. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह सिर्फ अंतरिम जमानत देने का आदेश है, इसलिए कोर्ट इसमें कोई दखल नहीं देगा और न ही हाईकोर्ट के इरादों पर कोई सवाल उठाएगा.

इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 17 नवंबर को आजम खान को अंतरिम जमानत दी. अपने आदेश में हाईकोर्ट ने कहा कि ईडी उनकी गिरफ्तारी के दौरान जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करने में विफल रही.

जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की खंडपीठ ने गौर किया कि एजेंसी यह साबित नहीं कर पाई कि रिमांड के लिए पेश किए जाने से पहले खान को गिरफ्तारी के लिखित आधार सही तरीके से दिए गए थे या नहीं.

ईडी ने खान को 31 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था. इससे कुछ वक्त पहले ही वे रामपुर जिला जेल से एक अलग मामले (दो पैन कार्ड रखने का मामला) में जमानत पर बाहर आए थे. हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत के बाद आजम खान को बुधवार को गाजियाबाद की डासना जिला जेल से रिहा किया गया.

यह भी पढ़ें | 'आजम खान साहब की रिहाई ने इंसाफ पर ऐतबार को बढ़ाया है': अखिलेश यादव

यह भी पढ़ें | आजम खान जेल से हुए रिहा, डासना जेल के बाहर भारी संख्या में मौजूद समर्थकों ने किया स्वागत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Azam Khan, Supreme Court, Jauhar University, ED, Samajwadi Party
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com