- आजम खान की पत्नी तजीन फातमा ने न्याय मिलने पर भरोसा जताते हुए उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत किया
- तजीन फातमा ने आजम खान की दोबारा गिरफ्तारी को जुल्म और इंसानियत का अपमान बताया और अदालत के आदेश का उल्लंघन माना
- फातमा ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय को सच और न्याय की जीत दिलाने के लिए धन्यवाद कहा
समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान की पत्नी तजीन फातमा ने धन शोधन के मामले में उन्हें दी गई अंतरिम जमानत पर रोक लगाने से उच्चतम न्यायालय के इनकार का स्वागत करते हुए बुधवार को कहा कि उन्हें भरोसा था कि आखिरकार न्याय मिलेगा. उच्च्तम न्यायालय ने बुधवार को खान को दी गई अंतरिम जमानत पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि वरिष्ठ सपा नेता को दी गई राहत से ‘‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा''.
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए फातमा ने कहा कि उन्हें हमेशा अल्लाह पर भरोसा रहा है और उन्हें यकीन था कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा. उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो' से कहा, ‘‘मुझे हमेशा अल्लाह पर बहुत भरोसा रहा कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा. जब जुल्म का प्याला भर जाता है, तो अन्याय अपनी हद तक पहुंच जाता है. जिस तरह आजम साहब को जेल के गेट से ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ले गई, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी. मुझे भरोसा था कि न्याय मिलेगा.''
जेल से 21 अक्टूबर को रिहा होने के तुरंत बाद खान को दोबारा गिरफ्तार किए जाने के बारे में पूछे जाने पर फातमा ने इसे जुल्म की पराकाष्ठा और इंसानियत का अपमान बताया. उन्होंने कहा, ‘‘यह ज़ुल्म की इंतहा थी और एक तरह से इंसानियत का कत्ल था. यह अदालत के आदेश की अवमानना भी थी क्योंकि अदालत ने उसी दिन उनकी रिहाई का आदेश दिया था.''
फातमा ने अपने पति को मिली राहत के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उच्च्तम न्यायालय का धन्यवाद किया तथा इसे सच और न्याय की जीत बताया. उन्होंने कहा, ‘‘यह सच और न्याय की जीत है. हमें न्याय दिलाने के लिए मैं माननीय उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय का शुक्रिया अदा करती हूं.''
यह पूछे जाने पर कि खान कब तक घर लौट सकते हैं, फातमा ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके आने की उम्मीद है. उन्होंने कहा, ‘‘इंशा अल्लाह, अगर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो गईं तो वह आज शाम तक या कल तक घर आ सकते हैं.''
यह भी पढ़ें | कुछ देर में रिहा होंगे आजम खान, डासना जेल पहुंचा रिलीज ऑर्डर, बाहर मौजूद है समर्थकों की भीड़
यह भी पढ़ें | 'आसमान नहीं टूट पड़ेगा...', आजम की जमानत के खिलाफ SC पहुंची ED को फटकार, हाईकोर्ट की दलीलें भी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं