विज्ञापन

ISIS इंडिया चीफ को पकड़ने वाले सुपर कॉप को राष्ट्रीय दक्षता पदक; जानिए कौन हैं IPS डॉ. पार्थ सारथी महंता

गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर और असम STF प्रमुख डॉ. पार्थ सारथी महंता को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक 2026 के लिए चुना गया है. उन्होंने ISIS इंडिया प्रमुख की गिरफ्तारी, आतंकवाद विरोधी अभियानों और ड्रग्स तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई है.

ISIS इंडिया चीफ को पकड़ने वाले सुपर कॉप को राष्ट्रीय दक्षता पदक; जानिए कौन हैं IPS डॉ. पार्थ सारथी महंता
असम के चर्चित IPS अधिकारी डॉ. पार्थ सारथी महंता को दक्षता पदक
NDTV
  • आतंकवाद और ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए सम्मानित हुए असम के ‘सुपर कॉप’
  • असम के चर्चित IPS अधिकारी डॉ. पार्थ सारथी महंता को दक्षता पदक
  • पुलिसिंग के साथ फिल्ममेकिंग में भी नाम, 254 ऑपरेशन, 482 गिरफ्तारियां और अब राष्ट्रीय सम्मान
गुवाहाटी:

असम पुलिस के चर्चित अधिकारी और गुवाहाटी पुलिस आयुक्त डॉ. पार्थ सारथी महंता को केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रतिष्ठित ‘केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक 2026' से सम्मानित किया जाएगा. आतंकवाद विरोधी अभियानों से लेकर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तक, उनकी अगुवाई में असम पुलिस स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं. संदिग्ध ISIS इंडिया प्रमुख की गिरफ्तारी, जिहादी नेटवर्क पर कार्रवाई और फर्जी सिम कार्ड गिरोह का भंडाफोड़ उनके करियर की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं. इस सम्मान के लिए असम पुलिस के कुल 19 अधिकारियों और कर्मियों का चयन हुआ है.

आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई से बनाई पहचान

डॉ. पार्थ सारथी महंता को असम में एक 'सुपर कॉप' के रूप में जाना जाता है. वह गुवाहाटी पुलिस आयुक्त के साथ-साथ असम पुलिस STF के महानिरीक्षक (IGP) भी हैं. मार्च 2023 में STF के पुनर्गठन के बाद उन्होंने कई बड़े ऑपरेशनों का नेतृत्व किया. मार्च 2023 से दिसंबर 2024 के बीच STF ने जिहादी संगठनों, माओवादी नेटवर्क, ULFA-I और मणिपुर में सक्रिय उग्रवादी संगठनों से कथित तौर पर जुड़े 21 लोगों को गिरफ्तार किया.

असम के चर्चित IPS अधिकारी डॉ. पार्थ सारथी महंता

असम के चर्चित IPS अधिकारी डॉ. पार्थ सारथी महंता
Photo Credit: NDTV

ISIS इंडिया प्रमुख की गिरफ्तारी से मिली बड़ी सफलता

इस अवधि की सबसे चर्चित कार्रवाई मार्च 2024 में हुई, जब STF ने धुबरी से कथित ISIS इंडिया प्रमुख हारिस अजमल फारूकी और उसके सहयोगी अनुराग सिंह को गिरफ्तार किया. इसके अलावा टीम ने असम में अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (ABT) नेटवर्क और कथित स्लीपर सेल गतिविधियों की भी जांच की. इन अभियानों ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में STF की भूमिका को प्रमुखता दिलाई.

नशे पर भी बड़ा प्रहार

आतंकवाद विरोधी अभियानों के साथ-साथ STF ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया. जनवरी 2025 में जारी रिपोर्ट के अनुसार मार्च 2023 से दिसंबर 2024 के बीच टीम ने 59 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 9.67 लाख साइकोट्रॉपिक टैबलेट, 37 हजार प्रतिबंधित फेंसिडिल सिरप की बोतलें, लगभग चार टन गांजा, 37.26 किलो अफीम और एक किलो मेथामफेटामाइन बरामद की. इसी अवधि में STF ने 254 अभियान चलाए, 41 मामले दर्ज किए और विभिन्न मामलों में 482 लोगों को गिरफ्तार किया.

फर्जी सिम नेटवर्क की जांच में भी भूमिका

डॉ. महंता ‘ऑपरेशन घोस्ट सिम' की जांच से भी जुड़े रहे. इस अभियान में ऐसे नेटवर्क का खुलासा हुआ था जो कथित रूप से फर्जी सिम कार्ड हासिल कर उनका इस्तेमाल कर रहा था. जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों से संभावित संबंधों का भी संदेह था.

पुलिसिंग के साथ साहित्य और फिल्म निर्माण में भी सक्रिय

डॉ. पार्थ सारथी महंता की पहचान केवल एक पुलिस अधिकारी तक सीमित नहीं है. उन्होंने फिल्म निर्माण और साहित्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय काम किया है. उनकी डॉक्यूमेंट्री ‘हरगिला - द ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क' को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में विशेष उल्लेख (Special Mention) मिला था. यह फिल्म पर्यावरणविद् डॉ. पूर्णिमा देवी बरमन और हरगिला आर्मी के संरक्षण प्रयासों पर आधारित है.

उनकी एनिमेटेड फिल्म ‘लचित : द वॉरियर' अहोम सेनापति लचित बरफुकन के जीवन पर आधारित है और कई राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में प्रदर्शित की जा चुकी है.

उन्होंने ‘फेहुजाली' नामक डॉक्यू-ड्रामा और ‘अनसुनी चीखें' नामक लघु फिल्म का भी निर्देशन किया है. साहित्य के क्षेत्र में भी उनकी कई पुस्तकें और कविता संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं.

D.Litt. सम्मान पाने वाले पहले सेवारत IPS अधिकारी

जनवरी 2026 में असम विश्वविद्यालय, सिलचर ने अपने 23वें दीक्षांत समारोह में डॉ. महंता को मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स (D.Litt.) की उपाधि प्रदान की थी. उन्हें यह सम्मान पाने वाले देश के पहले सेवारत IPS अधिकारी के रूप में भी देखा जाता है. वर्ष 2025 में उन्हें राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक भी मिल चुका है. इसके बाद अक्टूबर 2026 में आयोजित 75वें असम पुलिस दिवस समारोह में भी उन्हें सम्मानित किया गया.

490 कर्मियों को मिलेगा सम्मान

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 1 फरवरी 2024 को केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक की शुरुआत की थी. यह पुरस्कार विशेष अभियान, जांच, खुफिया कार्य और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है. 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर वर्ष 2026 के पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की गई. इस बार राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 490 अधिकारियों और कर्मियों का चयन किया गया है. असम से डॉ. पार्थ सारथी महंता सहित कुल 19 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को यह सम्मान मिलेगा.

यह भी पढ़ें : हर‍ियाणा की IPS स‍िमरन भारद्वाज की गुजरात में धाकड़ पुल‍िस‍िंग, रेप‍िस्‍ट को 40 द‍िन में द‍िला दी फांसी की सजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Partha Sarathi Mahanta, Success Story, Assam STF, Police Award, Police Medal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com