- सोरव कुमार ने पिता की असमय मौत के बाद आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखी
- कठुआ जिले के उझ राजबाग गांव के रहने वाले सोरव कुमार ने पुणे में टेक महिंद्रा में आठ वर्षों तक नौकरी की
- सोरव ने जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग की परीक्षा में सफल होकर पुलिस उपाधीक्षक पद हासिल किया
JK Police DSP Sorav Kumar Success Story: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में 18 नवंबर 2026 को आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद कई युवा अधिकारियों की संघर्ष और सफलता की कहानियां चर्चा में हैं. इनमें सबसे प्रेरक कहानियों में से एक सोरव कुमार की है, जिन्होंने 10वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान ट्रक ड्राइवर पिता को खो दिया था. तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी, मैकेनिकल इंजीनियर बने, पुणे में टेक महिंद्रा में नौकरी की और आखिरकार जम्मू-कश्मीर पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक बनने का सपना साकार कर लिया. एनडीटीवी से विशेष बातचीत में सोरव कुमार की बहन रिया पडवाल ने उनके संघर्ष और सफलता की कहानी शेयर की है.

jk police dsp sorav kumar success story kathua jammu kashmir Photo Credit: riya padwal
ट्रक चालक पिता की एक्सीडेंट में डेथ, मां बनी सबसे बड़ी ताकत
सोरव कुमार जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के उझ राजबाग गांव के रहने वाले हैं. उनका परिवार सामान्य पृष्ठभूमि से आता है. रिया के मुताबिक, सोरव के पिता देवेंद्र कुमार ट्रक चालक हुआ करते थे. कठुआ और बरनोटी के बीच हुए एक सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी. उस समय सोरव 10वीं कक्षा में पढ़ रहे थे. पिता की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिवार में सोरव के अलावा उनकी दो बहनें श्वेता और शिवानी हैं. तीनों बच्चों की जिम्मेदारी मां कमलेश कुमारी के कंधों पर आ गई. आर्थिक संकट के बावजूद उन्होंने बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकने दी.
यह भी पढ़ें | दीपाली राठौड़ लेफ्टिनेंट बनकर पहली बार गांव पहुंची, जश्न में डूबे ग्रामीण, स्वागत को उमड़े लोग

jk police dsp sorav kumar success story kathua jammu kashmir Photo Credit: riya padwal
बड़ी बहन बनी परिवार का सहारा
पति के निधन के बाद कमलेश कुमारी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उनकी परवरिश और पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी. परिवार के हालात तब कुछ बेहतर हुए जब करीब दो साल बाद बड़ी बहन शिवानी सरकारी स्कूल में शिक्षिका बन गईं. उनकी नौकरी से घर को आर्थिक सहारा मिला. नौकरी लगने के बाद शिवानी ने भाई सोरव और बहन श्वेता की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी संभाली. परिवार के सहयोग और अपने संकल्प के दम पर सोरव ने आगे की पढ़ाई जारी रखी.
यह भी पढ़ें | UPSC टॉपर IAS शक्ति दुबे को योगी सरकार ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बिलारी की न्यायिक SDM

jk police dsp sorav kumar success story kathua jammu kashmir Photo Credit: riya padwal
सरकारी स्कूल से निकलकर बने इंजीनियर
सोरव कुमार ने सरकारी स्कूल और कॉलेजों में पढ़ाई की. बाद में उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और महाराष्ट्र के पुणे में टेक महिंद्रा में नौकरी पा ली. उन्होंने करीब आठ वर्षों तक कंपनी में काम किया. हालांकि अच्छी नौकरी मिलने के बाद भी उनके मन में जम्मू-कश्मीर पुलिस की खाकी वर्दी पहनने का सपना जिंदा रहा. यही वजह रही कि नौकरी के साथ-साथ वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते रहे. परीक्षा देने के लिए वे पुणे से जम्मू-कश्मीर आते-जाते थे.
यह भी पढ़ें | हरियाणा की बेटी अभिजीत कौर बिहार जाकर बनीं DSP, UPSC नहीं निकला तो BPSC क्रैक कर डाली

jk police dsp sorav kumar success story kathua jammu kashmir
Photo Credit: riya padwal
8 साल प्राइवेट नौकरी के बाद बने DSP
सोरव कुमार ने जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2024 में हिस्सा लिया. उनकी मेहनत रंग लाई और उनका चयन जम्मू-कश्मीर पुलिस में DSP पद के लिए हो गया. चयन के बाद उन्होंने टेक महिंद्रा की नौकरी से इस्तीफा दिया और जम्मू-कश्मीर लौट आए. उधमपुर स्थित शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अब वे आधिकारिक रूप से जम्मू-कश्मीर पुलिस का हिस्सा बन चुके हैं. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सोरव कुमार सहित सभी नए DSP अधिकारियों को एक महीने के लिए भारतीय सेना के साथ अटैच किया जाएगा. इसके बाद उन्हें फील्ड पोस्टिंग दी जाएगी.
यह भी पढ़ें | LIC एजेंट की बेटी रेखा सियाक बनीं IAS, अब योगी सरकार ने बांदा में सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
74 अधिकारी हुए पास आउट
18 नवंबर 2026 को शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी, उधमपुर में आयोजित पासिंग आउट परेड में 25 प्रशिक्षु DSP, 36 प्रशिक्षु उपनिरीक्षक और वन सुरक्षा बल के 13 सहायक निदेशक समेत कुल 74 अधिकारी पास आउट हुए. पिता की असमय मौत, मां का संघर्ष, बहन का त्याग और अपनी मेहनत के दम पर सोरव कुमार ने साबित कर दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ संकल्प के आगे बाधाएं टिक नहीं सकतीं. उनके संघर्ष से सफलता तक का सफर आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं