- असम के एक शख्स ने अपने घर में ही चोरी की और फिर दोस्तों पर खर्च किया.
- आरोपी का कबूलनामा- दोस्त जीतू सोमानी और रोहित प्रसाद ने प्लान बनाया.
- पुलिस को शक है कि आरोपी ने गर्लफ्रेंड के लिए 1.5 लाख का iPhone आरोपी खरीदा.
असम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. 25 साल के शख्स यश धानुका अग्रवाल पर अपने ही परिवार में चोरी का आरोप लगा है. परिवार का लॉकर तोड़कर 50 लाख रुपये कैश और कीमती सामान चुराने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है. पुलिस को शक है कि यश ने चोरी की गई रकम का ज्यादातर हिस्सा अपनी गर्लफ्रेंड पर खर्च किया. मामले के बाद आरोपी जोरहाट स्थित अपना घर छोड़कर गुजरात के अहमदाबाद चला गया था. लेकिन उसके पिता उसे वापस लाए और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने बताया कि चोरी 11 अगस्त को हुई थी. वारदात के वक्त परिवार घर पर नहीं था. आरोप है कि यश सीनियर के कमरे का लॉकर तोड़कर कैश और सोने के गहने चुरा लिया था.
साइबर सिक्योरिटी सेल की मदद से पुलिस ने जांच शुरू की. इस दौरान अधिकारियों को शक हुआ कि यह किसी घर के ही शख्स का किया धरा है. घटना के बाद यश अग्रवाल जोरहाट से चला गया था. पुलिस ने उसके सेलफोन को ट्रैक किया तो पता चला कि वो अहमदाबाद में है. बाद में अग्रवाल के पिता अहमदाबाद गए, उसे वापस जोरहाट लाए और पुलिस के हवाले कर दिया.
आरोपी ने क्या कहा?
यश अग्रवाल ने पत्रकारों को बताया, "हमने जीतू सोमानी और रोहित प्रसाद के साथ मिलकर यह प्लान बनाया. उन्होंने मुझे पैसे लेने का सुझाव दिया. जीतू ने कहा कि वे मुझे बताएंगे कि यह कैसे करना है. हमने एक ताला बनाने वाले की मदद ली. हमने पार्टी की, वहां पुबाली नाम की एक लड़की भी थी. मैंने उस पर 5 लाख रुपये खर्च किए."
उसने आगे कहा कि मुझे सच में बहुत अफसोस है, जीतू सोमानी ने मुझे बहकाया था.
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी के पैसे कैसे खर्च किए गए. जांच अधिकारियों को शक है कि यश ने पैसे का कुछ हिस्सा अपनी लंबे वक्त से गर्लफ्रेंड रही पुबाली दत्ता पर खर्च किया और उसके लिए 1.5 लाख रुपये का आईफोन खरीदा. आरोप है कि उसने उसे कैश भी दिया और उसके साथ कई दिन होटलों और रिसॉर्ट्स में बिताए.
इस मामले में पुबाली दत्ता को आरोपी नहीं बनाया गया है. जांच के तहत पुलिस उससे पूछताछ कर सकती है.
ये भी पढ़ें: असम सीमा पर अशांति का मेघालय पर्यटन पर असर, बुकिंग कैंसिल करा रहे हैं पर्यटक
आरोपियों में कौन-कौन शामिल?
यश अग्रवाल के दोस्तों, जितेंद्र सोमानी और रोहित प्रसाद का नाम FIR में शामिल किया गया है. पुलिस को शक है कि वे कथित योजना में शामिल हो सकते हैं और उन्होंने चोरी किया गया गोल्ड ठिकाने लगाने में मदद की होगी. मौजूदा वक्त में दोनों आरोपी फरार हैं.
परिवार ने पुलिस को बताया कि कैश घर पर बिजनेस के काम के लिए रखा गया था. पारिवारिक बिजनेस से जुड़े यश अग्रवाल को कथित तौर पर वहां रखे पैसे के बारे में जानकारी थी.
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अब दूसरे संदिग्धों का पता लगाने और चोरी हुआ कैश व गोल्ड बरामद करने की कोशिश कर रही है. मामले में जांच चल रही है.
ये भी पढ़ें: असम-मेघालय के बीच किस बात को लेकर बवाल? पेट्रोल पंप पर कैसे लग गईं लंबी लाइनें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं