विज्ञापन

न कोई ट्रेनिंग, न मोटरबोट... 10वीं पास युवक ने असम बाढ़ में बचाई 2000 लोगों की जान

19 जुलाई की तड़के 3 बजे श्रवण कुमार हमेशा की तरह नदी के पानी में बहकर आने वाली लकड़ियां इकट्ठा करने गए थे, जिससे उनके घर का खाना बनता है. जब पानी गांव में घुसने लगा तो वे बचवा कार्य में लग गए.

न कोई ट्रेनिंग, न मोटरबोट... 10वीं पास युवक ने असम बाढ़ में बचाई 2000 लोगों की जान
असम में बाढ़ से 1.78 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. (Photo: NDTV)
  • शिवसागर के श्रवण कुमार ने बिना ट्रेनिंग और मोटर नाव के दोस्तों संग 2,000 लोगों को बचाया.
  • नाव से रातभर अंधेरे में बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को डूबते घरों से निकाला.
  • असम में बाढ़ से 1.78 लाख लोग प्रभावित हुए हैं.
दिसपुर:

असम के शिवसागर जिले के बिहू बोर में श्रवण कुमार (25) ने 19 जुलाई की सुबह दीखौ नदी में आई भीषण बाढ़ के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया. बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण और बिना मोटराइज्ड नाव के, श्रवण और उनके दोस्तों ने करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित बचाकर जान जोखिम में डालकर मिसाल कायम की. 19 जुलाई की तड़के 3 बजे श्रवण कुमार हमेशा की तरह नदी के पानी में बहकर आने वाली लकड़ियां इकट्ठा करने गए थे, जिससे उनके घर का खाना बनता है. पानी की असामान्य रफ्तार और बहते तनों को देखकर उन्होंने तुरंत बड़े खतरे का अनुमान लगा लिया. सुबह होते-होते बाढ़ का पानी तेजी से गांवों में घुसने लगा.

बाढ़ का पानी श्रवण के खुद के घर में भी घुस गया था, जहां उनकी मां और भाई सामान बचाने में जुटे थे. वे चाहते तो घर बचा सकते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि अगर वे घर बचाने चले जाते तो दूसरों को बचाने वाला कोई नहीं बचता. उन्होंने परिवार की जगह गांव वालों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.
Latest and Breaking News on NDTV

जहां नाविक डरते हैं, वहां गए श्रवण!

10वीं क्लास की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने वाले श्रवण के पास न तो रेस्क्यू से जुड़ी कोई औपचारिक ट्रेनिंग थी और न ही कोई मोटर वाली नाव. वह सिर्फ नदी के बारे में अपनी जानकारी और 'तुलुंगा नाव' नाम की पारंपरिक लकड़ी की नाव के भरोसे थे. दोस्तों के एक ग्रुप के साथ, उन्होंने ऐसे पानी में बचाव अभियान शुरू किया, जहां जाने से अनुभवी नाविक भी डरते थे.

उस दिन सुबह 10 बजे से लेकर पूरी रात और अगले दिन तक, टीम ने बिना थके काम किया. उन्होंने पानी में डूबे घरों से बच्चों को निकाला, ऐसे बुजुर्गों को बाहर निकाला, जो खुद चल-फिर नहीं सकते थे. छतों और ऊपरी हिस्सों में फंसी गर्भवती महिलाओं और मरीजों को बचाया, जबकि उनके चारों ओर पानी का स्तर बढ़ता जा रहा था.

ये भी पढ़ें: असम बाढ़: 78 मौतें, 550 गांव जलमग्न, 3 लाख लोग प्रभावित, भारी बारिश का अलर्ट

श्रवण कहते हैं, "छत के अंदर लोग फंसे हुए थे. हमें उन्हें बाहर निकालना पड़ा. यह एक डरावना अनुभव था क्योंकि रात में हम बिल्कुल अंधेरे में काम कर रहे थे."

पानी में तैरती खतरनाक लकड़ियों के बीच से नाज़ुक नावों को ले जाते हुए, युवा वॉलंटियर नाव पलटने के लगातार खतरे के बावजूद एक गांव से दूसरे गांव, एक घर से दूसरे घर बार-बार वापस आते रहे.

Latest and Breaking News on NDTV
जब रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हुआ, तो श्रवण का अनुमान था कि उन्होंने और उनकी टीम ने पांच गांवों में करीब 2,000 लोगों को बचाया था. इनमें बच्चे, महिलाएं, बुज़ुर्ग और बाढ़ के पानी से घिरे घरों में फंसे मरीज शामिल थे.

19 जुलाई को आई बाढ़ ने शिवसागर के नजीरा उप-जिले में भारी तबाही मचाई. इससे गांव डूब गए, सड़कें बह गईं और बिजली व संचार नेटवर्क ठप हो गए. पानी का स्तर लगातार बढ़ने की वजह से परिवारों के पास छतों पर चढ़ने के अलावा कोई चारा नहीं बचा था.

ये भी पढ़ें: असम में बाढ़ ने मचाई तबाही, NDTV पहुंचा सबसे ज्यादा प्रभावित गांव; देखिए ग्राउंड रिपोर्ट 

बाढ़ से 1.78 लाख लोग प्रभावित

इस बीच, शनिवार को असम में बाढ़ की स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ और प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.78 लाख रह गई. हालांकि, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, बाढ़ से प्रभावित जिलों की संख्या पांच से बढ़कर सात हो गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

पिछले 24 घंटों में किसी नई मौत की खबर नहीं मिली है, जिससे बाढ़ से मरने वालों की कुल संख्या 82 पर ही बनी हुई है. ASDMA ने बताया कि शिवसागर में दिखो नदी और गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.

ये भी पढ़ें: अदाणी फाउंडेशन असम बाढ़ पीड़ितों के लिए चला रहा राहत अभियान, गौतम अदाणी ने CM रिलीफ फंड में डोनेट किए 11 करोड़

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam, Assam Flood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com