कांग्रेस की असम इकाई ने उदलगुड़ी (Udalguri) से घोषित पार्टी के उम्मीदवार सुरेन दैमरी के खिलाफ केस दर्ज करवाया है. दैमरी ने मतदान से एक दिन पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया और अपनी उम्मीदवारी “छोड़” दी. कांग्रेस उम्मीदवार ने पार्टी की आलोचना करते हुए सदस्यता छोड़ दी थी. इसे धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात बताते हुए पार्टी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने कहा कि उम्मीदवारी देने के अलावा, पार्टी ने दैमरी के बैंक खाते में पार्टी के काम और चुनाव प्रचार के लिए 30 लाख रुपए ट्रांसफर किए थे.
कथित उपद्रवी समूह ने उकसाया- कांग्रेस
शिकायत के अनुसार, "दैमरी ने पार्टी का नामांकन स्वीकार करने और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार अपने कागजात दाखिल करने के बाद, पार्टी के चिन्ह के तहत सक्रिय रूप से चुनाव प्रचार किया. हालांकि, मतदान से ठीक एक दिन पहले, उन्होंने कथित तौर पर एक उपद्रवी समूह द्वारा उकसाए जाने पर, कांग्रेस के खिलाफ गलत सूचना फैलाई और पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा की."
दैमरी ने कांग्रेस को बताया था धोखेबाज पार्टी
इसमें आरोप लगाया गया कि मतदान से कुछ घंटे पहले इस्तीफा देकर, सुरेन दैमरी ने न केवल पार्टी अनुशासन का उल्लंघन किया है. उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की छवि को धूमिल किया है, बल्कि पार्टी के फंड का दुरुपयोग भी किया है. कांग्रेस की ओर से यह भी कहा कि उन्होंने पार्टी को अपना त्यागपत्र नहीं सौंपा है.
जबकि दैमरी ने इस फैसले के लिए पार्टी नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया और कहा है कि उनके साथ धोखा हुआ है. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने मेरे साथ धोखा किया. मुझे टिकट देने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया. मैंने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया.
पार्टी नेताओं ने कॉल नहीं उठाया- दैमरी
दैमरी ने यहां तक कहा, "मैंने पार्टी नेतृत्व को बार-बार फोन किया, लेकिन उन्होंने मेरा फोन तक नहीं उठाया. मुझे बहुत दुख है कि उन्होंने मेरी बिल्कुल भी मदद नहीं की. जिला कांग्रेस कमेटी ने भी मेरी मदद नहीं की."
यह भी पढ़ेंः उदयपुर में 11 हजार KV की लाइन ठीक कर रहा था लाइनमैन, किसी ने अचानक छोड़ दिया करंट, ब्लास्ट हो गया शरीर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं