- आप पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम आवास तक मार्च निकाला.
- अरविंद केजरीवाल E20 फ्यूल पॉलिसी का विरोध कर रहे हैं. उन्होंने इस पॉलिसी को वापस लेने की मांग की है.
- केजरीवाल का कहना है कि हमें अमेरिका से एथेनाल खरीदना बंद करना चाहिए.
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला. इस दौरान वह फिरोजशाह रोड पर धरने पर भी बैठ गए. केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, संजय सिंह समेत कई सीनियर नेता शामिल रहे. उन्होंने केंद्र सरकार से E20 पेट्रोल नीति को वापस लेने की मांग की है. उनका कहना है कि हमें अमेरिका से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए. अरविंद केजरीवाल बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ताओं के साथ दोपहर 12 बजे से प्रधानमंत्री आवास की तरफ मार्च लेकर निकले थे.
इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए: अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा 'मैं कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए. उन्हें अमेरिका से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए और हमारे देश पर E20 थोपना बंद करना चाहिए. मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हमें फोन करेंगे. हमने प्रधानमंत्री को मैसेज भेजा है कि हम उनसे मिलना चाहते हैं. संघर्ष जारी रहेगा.'
#WATCH दिल्ली: AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मैं कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को US प्रेसिडेंट ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्हें USA से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए और हमारे देश पर E20 थोपना बंद करना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि प्रधानमंत्री… pic.twitter.com/7AaIpxGbtQ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 4, 2026
अरविंद केजरीवाल के मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास की तरफ जाने वाले रास्तों पर भारी बैरिकेडिंग कर दी थी. वहीं इस दौरान अरविंद केजरीवाल अपने नेताओं के साथ यहां धरने पर भी बैठ गए थे. दिल्ली पुलिस का कहना है कि इस मार्च के लिए अनुमति नहीं ली गई थी.
#WATCH दिल्ली: AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के दूसरे नेताओं के साथ, E20 फ्यूल के खिलाफ प्रधानमंत्री के घर तक मार्च निकाला। pic.twitter.com/Z5clKEnJGu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 4, 2026
दिल्ली पुलिस ने रोका
बता दें कि संसद सत्र जारी होने के कारण नई दिल्ली इलाके में धारा 163-पुरानी धारा 144 लागू है. जिसके तहत किसी भी अनधिकृत विरोध प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने आप के नेताओं को यहां रोक दिया.
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठनों ने भी किया प्रदर्शन
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठनों ने भी मंगलवार को राजघाट पर विरोध प्रदर्शन किया और इथेनॉल-मिश्रित पेट्रोल को वापस लेने की मांग की है. इससे पहले दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन और अन्य संगठनों ने संसद तक विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया था. उनके अध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा 'लेकिन दिल्ली पुलिस से अनुमति न मिलने के कारण हमने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने का फैसला किया.' बता दें कि E20 इथेनॉल-ब्लेंडिंग पॉलिसी काफी विवादों में रही है.
ये भी पढ़ेंः क्या है 136.40 करोड़ का SECI घोटाला ? दिल्ली पुलिस ने बिहार से पकड़ा मास्टरमाइंड, कैसे हुआ था खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं