विज्ञापन

हमारे खून में गद्दारी नहीं है...तेजस्वी के बयान पर बोले आनंद मोहन, 'यूज़ एंड थ्रो' पर भी दिया जबाव

सुप्रीम कोर्ट से झटका मिलने के बाद पूर्व सांसद आनंद मोहन ने कहा कि मामले में उनकी दलीलों को पर्याप्त महत्व नहीं मिला. साथ ही उन्होंने कानूनी प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए.

हमारे खून में गद्दारी नहीं है...तेजस्वी के बयान पर बोले आनंद मोहन, 'यूज़ एंड थ्रो' पर भी दिया जबाव
सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद आनंद मोहन ने बड़ा बयान दिया है.
  • सुप्रीम कोर्ट ने डीएम हत्याकांड में आनंद मोहन की रिहाई रद्द कर एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया
  • आनंद मोहन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने ऑन ड्यूटी हत्या को लेकर एकतरफा फैसला लिया
  • बिहार सरकार के जेल मैनुअल में संशोधन से लगभग तीन हजार पांच सौ लोग रिहा हुए थे

गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड से जुड़े मामले में बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका लगा. सुप्रीम कोर्ट ने उनकी रिहाई को रद्द करते हुए एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है. फैसले के बाद आनंद मोहन ने NDTV से खास बातचीत की और अदालत की प्रक्रिया, जेल मैनुअल में हुए बदलाव तथा राजनीतिक आरोपों को लेकर अपनी बात रखी.

आनंद मोहन ने NDTV से बातचीत में कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला दिया कि अगर किसी पब्लिक सर्वेंट की ऑन ड्यूटी हत्या होती है तो उसे रिमिशन नहीं मिलेगा. लेकिन क्या डबल बेंच ने यह माना था कि यह ऑन ड्यूटी हत्या थी? फैसला तो यह था कि हत्या ऑन द वे हुई थी." उन्होंने कहा, "अगर यह ऑन ड्यूटी हत्या थी तो क्या संविधान यह कहता है कि सिर्फ पीड़ित पक्ष की बात सुनकर सीधा आदेश दे दिया जाए?"

'याचिकाकर्ता को पहले निचली अदालत जाना चाहिए था'

आनंद मोहन ने कहा, "भारत का संविधान कहता है कि पहले निचली अदालत में जाना चाहिए. जब 36 लोग रिहा हुए थे तब किसी ने सवाल नहीं किया. अगर इस मामले में लड़ना था तो उन्हें प्रॉपर चैनल से आना चाहिए था." उन्होंने आगे कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में एकतरफा फैसला लिया है."

'इस संशोधन का लाभ हजारों लोगों को मिला'

बिहार सरकार के जेल मैनुअल में किए गए संशोधन का जिक्र करते हुए आनंद मोहन ने कहा, "इस संशोधन का लाभ लेकर करीब 3500 लोग जेल से बाहर निकले हैं. जिन लोगों को रिहाई मिली उन पर भी हत्या के आरोप थे. यही संशोधन सब पर लागू हुआ था."

'सरकार के फैसले को सीधे रद्द कर दिया गया'

जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका का जिक्र करते हुए आनंद मोहन ने कहा, "अगर उन्हें इस फैसले पर आपत्ति थी तो उन्हें पहले निचली अदालत में जाना चाहिए था. लेकिन सीधे सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर सरकार के फैसले को रद्द कर दिया गया." उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि मेरे खिलाफ फैसला आना ही था. अगर मुझे पहले पता होता तो मैं इतने वर्षों तक वकीलों पर खर्च नहीं करता."

तेजस्वी यादव के 'गद्दारी' वाले आरोप पर जवाब

राजनीतिक सवालों पर आनंद मोहन ने कहा, "लोगों ने मुझ पर गद्दारी के आरोप लगाए लेकिन आनंद मोहन ने कभी गद्दारी नहीं की." तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, "हमारे खून में गद्दारी नहीं है. कौन क्या कहता है, यह वही जानें. मैं आज भी उनसे पूछना चाहता हूं कि हमारा रिश्ता कब से है." उन्होंने यह भी कहा, "जब जेल मैनुअल में बदलाव हुआ था तब राजद नीतीश कुमार के साथ सरकार में थी. उसी समय यह फैसला लिया गया था."

'ठाकुर का कुआं' विवाद का भी किया जिक्र

आनंद मोहन ने कहा, "जब मैंने ठाकुर के कुएं का सवाल उठाया था तब राजद ने उसका विरोध किया. अपने प्रवक्ताओं से मेरे खिलाफ बयान दिलवाए गए. लेकिन मैं अपने समाज की बात उठा रहा था." लालू यादव पर निशाना साधते हुए आनंद मोहन ने कहा, "जिन लोगों ने मुलायम सिंह यादव को प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया, वे गद्दारी की बात कैसे कर सकते हैं?"

चेतन आनंद बोले, कानूनी विकल्पों पर करेंगे विचार

जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने कहा, "हमारी टीम फैसले का कानूनी अध्ययन कर रही है. हम इस मामले में लीगल प्रोसेस के तहत आगे जाएंगे." उन्होंने कहा, "फैसला रद्द किए जाने के खिलाफ उपलब्ध कानूनी विकल्पों पर विचार करेंगे और देखेंगे कि सरकार के फैसले को रद्द करने के अधिकार के संबंध में आगे क्या कदम उठाए जा सकते हैं."

चेतन आनंद ने तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा, "जब ठाकुर के कुएं का मुद्दा उठा था तब मेरे खिलाफ पार्टी के सांसदों और विधायकों से बयान दिलवाए गए थे. उसी के बाद मैंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया. कोई भी व्यक्ति अपना घर छोड़ना नहीं चाहता." उन्होंने कहा, "हम अपनी पार्टी जेडीयू के संपर्क में हैं. आगे जो भी निर्णय होगा, उसकी जानकारी सार्वजनिक रूप से दी जाएगी."

यह भी पढ़ें | बिहार सरकार ने कैसे दिया था आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का आदेश? Remission Policy के बारे में जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anand Mohan, Anand Mohan Supreme Court, Anand Mohan Bihar Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com