- लखनऊ में आयोजित बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हुए.
- इस दौरान उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा.
- अमित शाह ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, तीसरी बार कमल खिलेगा.
उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के सीनियर नेताओं ने अभी से मोर्चा संभाल लिया है. शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया. अमित शाह ने कहा कि यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है, जहां तीसरी बार राज्य में कमल खिलेगा. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी सीधा निशाना साधा और संसद में बहस की खुली चुनौती दी है. अमित शाह के लखनऊ दौरे के बाद यूपी से दिल्ली तक सियासी पारा गरमा गया है.
यूपी में बीजेपी अंगद का पैर, अर्जुन की तरह रखें नजर: अमित शाह
यूपी कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने कार्यकर्ताओं में जोश फूंकते हुए कहा 'उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति अंगद के पैर जैसी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता. उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में तैयार रहने के लिए कहते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह केवल 'मछली की आंख' यानी आने वाले चुनावों में जीत पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. चुनाव के लिए तैयार रहना है.' अमित शाह ने एक तरह से लखनऊ से कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में तैयार रहने के लिए कहा है.
अमित शाह ने सीएम योगी की तारीफ
अमित शाह ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा 'यूपी में माफिया खत्म हो चुके हैं, इसके लिए उनको बधाई है. पीएम मोदी ने फंड देने में कोई कमी नहीं की है और योगी ने उसे जमीन पर उतारने में कोई कमी नहीं की है. अखिलेश जी आपने और आपकी पिताजी की सरकार ने क्या किया है, गरीबों का हक मारकर अपने परिवार और कार्यकर्ताओं को दिया है. लेकिन हमारी यूपी की सरकार ने अच्छा क्रियान्वयन किया है.
अखिलेश यादव और राहुल गांधी को चैलेंज
अमित शाह ने इस दौरान विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने विपक्ष की तरफ से चुनाव आयोग और ईवीएम पर उठाए जाने पर अखिलेश यादव और राहुल गांधी को चैलेंज करते हुए कहा 'जब आप मैच हार जाते हैं, तो अंपायर पर दोष मढ़ने लगते हैं कि वोट चोरी हो गई, लेकिन मैं खुली चुनौती देता हूं कि भाजपा चुनाव आयोग और मतदान प्रक्रिया को लेकर संसद में चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है. सरकार इसके लिए विशेष सत्र बुलाने को भी राजी है, जहां विपक्ष के एक-एक सवाल का जवाब दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि राहुल बाबा और अखिलेश बाबू यह जान लें कि अगले 30 सालों तक देश में किसी और की सरकार आने वाली नहीं है, क्योंकि उत्तर प्रदेश की देवतुल्य जनता पूरी तरह भाजपा के साथ खड़ी है.'
'2017 की जीत याद दिलाने आया हूं'
बीजेपी कार्यकर्ताओं से अमित शाह ने कहा '2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे, बहुत निराशा थी. मैं तहसील तक गया. एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 लोकसभा चुनाव में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं. 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी. हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 2017 में 312 सीट जीती थीं.'
यूपी में 30 अक्टूबर अहम
अमित शाह ने कहा 'यूपी में 30 अक्टूबर का बड़ा योगदान है. आज के दिन 1990 अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं. मैं पूछना चाहता हूं कि आप किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं. अपने राम भक्तों पर गोलियां चलवाईं, हमने राम मंदिर बनाया. आपकी तीसरी पीढ़ी को भी जनता माफ नहीं करेगी.'
बीजेपी का हो रहा विस्तार
अमित शाह ने कहा कि देश में बीजेपी का विस्तार हो रहा है. गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल और असम में कई बार कमल खिलने के बाद, भाजपा ने ओडिशा में बहुमत की सरकार बनाई और बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री देकर इतिहास रचा है. अब पूरे देश में भगवा का परचम लहरा रहा है.
ये भी पढ़ेंः UP में अवैध शराब के कारोबार पर योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई, 23 दिन में 180 लोग भेजे गए जेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं