केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के असम दौरे के दौरान उनके चॉपर में तकनीकी खराबी आने के बाद सुरक्षा कारणों से उसका मार्ग बदल दिया गया. असम पुलिस और गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी. तकनीकी खामी के चलते चॉपर को धुबरी के बजाय गोलपारा के दुधनोई में सुरक्षित उतारा गया. खास बात यह है कि खराबी के समय गृह मंत्री चॉपर में मौजूद नहीं थे.
असम में अपनी पहली रैली में नहीं पहुंच पाए अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह असम चुनाव के लिए धुबरी जिले के गोलकगंज में अपनी पहली जनसभा करने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके चॉपर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद उसे गोलपारा की ओर मोड़ दिया गया, जहां उनकी दूसरी सभा होनी थी.
चॉपर में आई तकनीकी खराबी
असम पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी से धुबरी के गोलकगंज की उड़ान शुरू होने के 35 मिनट बाद चॉपर में तकनीकी खराबी आ गई. इसलिए चॉपर को गोलपारा के दुधनोई की ओर मोड़ दिया गया, जहां वह अपने तय हेलीपैड पर सुरक्षित उतर गया. असम पुलिस ने बताया कि यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी, बल्कि तकनीकी समस्या के कारण चॉपर का रास्ता बदला गया था.
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने भी पुष्टि करते हुए बताया कि यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी. जब तकनीकी खराबी का पता चला, तब गृह मंत्री अमित शाह चॉपर में मौजूद नहीं थे. गृह मंत्री अमित शाह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आगे बढ़ेंगे और सड़क मार्ग से यात्रा करेंगे.
यह भी पढ़ें: ईरान से तेल लेकर भारत आ रहे ऑयल टैंकर ‘PING SHUN' ने बदला रास्ता, अब चीनी पोर्ट की ओर बढ़ा
टेलीफोन से ही जनसभा को किया संबोधित
शाह ने दुधनोई से ही टेलीफोन के जरिए गोलकगंज के लिए अपना भाषण दिया. दुधनोई में अपनी रैली समाप्त करने के बाद, शाह सड़क मार्ग से अपनी तीसरी और अंतिम रैली के लिए पलाशबाड़ी रवाना हो गए.
यह भी पढ़ें: तेजस MK-1A के लिए देने थे 99 इंजन अभी तक दिए केवल 6, HAL ने अमेरिकी कंपनी GE से मांगा मुआवजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं