- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दशहरें पर पंजाब के लुधियाना में रहेंगे.
- अमित शाह यहा पर 'चिट्टे' यानि ड्रग्स के रावण का दहन करेंगे.
- अमित शाह का दशहरे पर आयोजित पंजाब दौरा अहम माना जा रहा है.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह विजयादशमी (दशहरे) के दिन पंजाब में रहेंगे. खास बात यह है कि लुधियाना में आयोजित समारोह में पारंपरिक रावण के बजाय 'नशे (ड्रग्स) के रावण' का प्रतीकात्मक दहन करेंगे. इसके अलावा मानसा में परविंदर सिंह झोटा के अलावा संगरूर और गुरदासपुर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर हत्याएं हुई थी. अमित शाह इन पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात करेंगे. पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में नशा इस बार सबसे बड़ा मुद्दा माना जा रहा है, जिस पर बीजेपी भी लगातार एक्टिव है. ऐसे में अमित शाह का लुधियाना दौरा अहम माना जा रहा है. जिसे एक बड़े राजनीतिक शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है.
अमित शाह ने किया पोस्ट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा 'पंजाब सरकार ने राज्य को नशे के गर्त में धकेलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है, जिसके कारण अनेक परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है. उन्होंने कहा कि इन परिवारों ने जो खोया है, उस दुख को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी और प्रदेशवासी इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे.शाह ने कहा कि भारत सरकार चिट्टा कारोबारियों को चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे भेजेगी और पंजाब सहित पूरे देश को नशे के इस कारोबार से मुक्त बनाकर रहेगी.'
पंजाब में नशा है बड़ा मुद्दा
पंजाब में पिछले कई दशकों से नशे तेजी से फला फूला है. नई पीढ़ी तेजी से नशे की आदि हुई है. ड्रग्स तस्करी और स्थानीय स्तर पर फैले 'चिट्टा' जो एक तरह का अत्यधिक नशीला सिंथेटिक पाउडर होता है. तेजी से पंजाब में फैला है. जिस पर पंजाब की सभी विपक्षी पार्टियां लगातार हमलावर हैं. भाजपा भी इस मुद्दे पर एक्टिव है. शाह ने आरोप लगाया है कि मौजूदा राज्य सरकार पंजाब में युवाओं को नशे के जाल से निकालने और ड्रग्स माफिया पर लगाम कसने में पूरी तरह नाकाम रही है. इस दौरे के जरिए भाजपा खुद को पंजाब के युवाओं और उनके परिवारों के रक्षक के रूप में पेश करना चाहती है.
ये वीडियो भी देखिए.
परविंदर सिंह झोटा के परिजनों से मिलेंगे अमित शाह
अमित शाह ड्रग्स माफिया के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा और संगरूर के दिरबा निवासी गुलजार सिंह के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे. भाजपा का मानना है कि इन परिवारों को सम्मानित कर वे राज्य में नशे के खिलाफ एक जन-आंदोलन खड़ा कर सकते हैं. परविंदर सिंह झोटा की हाल ही में मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जबकि संगरूर और गुरदासपुर में भी ऐसी ही घटनाएं हुई थी. अमित शाह इन सभी पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे.
ये भी पढ़ेंः राहुल की एक्सपायरी डेट के जवाब में शिवराज ने दिया क्वॉलिटी टेस्ट में फेल होने का ताना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं