- शिवराज ने विपक्ष को ‘सत्ता परिवर्तन गिरोह’ करार देते हुए कहा कि जनता वर्तमान नेतृत्व पर भरोसा करती है
- उन्होंने कहा कि देश का सम्मान और जनता का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह ईमानदारी से बनता है
- शिवराज ने भारत की मजबूती और आत्मविश्वास को झूठे विमर्श और कमजोर करने वाली साजिशों से सुरक्षित बताया
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके नेताओं की ‘एक्सपायरी डेट' संबंधी टिप्पणी को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि यह बात ऐसे “ब्रांड” की ओर से कही जा रही है, जो क्वॉलिटी टेस्ट में बार-बार असफल रहा है. राहुल ने रविवार को गोवा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर विभिन्न मुद्दों को लेकर निशाना साधा था.
राहुल गांधी ने क्या कहा था
गोवा में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील करते हुए राहुल गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से लोगों के बीच लगातार पहुंचने का आग्रह किया था. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा था, “आप गोवा के बारे में सोचिए. दिल्ली में हम थोड़े समय में नरेंद्र मोदी और अमित शाह से निपट लेंगे. आपको इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है. काम चल रहा है और उनकी ‘एक्सपायरी डेट' नजदीक आ रही है.”
शिवराज सिंह का जवाब
शिवराज ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “यह बेहद हास्यास्पद है कि क्वॉलिटी टेस्ट से जुड़ी 99 कोशिशों में हर बार विफल रहा ब्रांड अब भाजपा की ‘एक्सपायरी डेट' की बात कर रहा है.” उन्होंने एक अन्य पोस्ट में विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि “सत्ता परिवर्तन गिरोह” को लोगों का समर्थन नहीं मिल रहा, क्योंकि युवा, किसान और महिलाएं देश के नेतृत्व पर भरोसा करते हैं. शिवराज ने आगे कहा, “देश की जनता को ऐसे नेतृत्व पर विश्वास है, जिसने दुनिया के सामने भारत का कद बढ़ाया है, देश को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना सिखाया है और हर चुनौती के सामने मजबूती से खड़ा रहा है. भारत ना तो झूठे विमर्श से गुमराह हुआ और न ही देश को कमजोर करने वाली साजिशों या विचारों से डरा.”
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सम्मान और उसके 1.4 अरब लोगों का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. शिवराज ने कहा, “जनता का विश्वास किसी विमर्श पर निर्भर नहीं करता. यह काम, प्रतिबद्धता और नेतृत्व की ईमानदारी से बनता है.” उन्होंने कहा कि यह विश्वास ‘नये भारत' की ताकत है और “सत्ता परिवर्तन गिरोह” की महत्वाकांक्षाओं के सामने एक बाधा.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं